द फॉलोअप, रांची
भाजपा प्रदेश कार्यालय रांची में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में समरसता संकल्प अभियान को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न हुई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के अगले वर्ष मनाई जाने वाली 650 वीं जयंती को भव्य तरीके से मनाना और इनके विचारों को, इनकी वाणियों को जनमानस तक पहुंचाना है। आदित्य साहू ने कहा कि संत रविदास भारत के संत परंपरा के श्रेष्ठ संतों में एक थे। उन्होंने विकट परिस्थिति में भारत की महान संस्कृति की रक्षा करने का काम किया। उन्होंने समरसता की बात की। देश उनके बहुमूल्य योगदान को कभी नहीं भूलेगा। छह महीनों से अधिक समय तक चलने वाले इस कार्यक्रम की श्रृंखला तैयार की गई है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में जहां-जहां से संत रविदास की मिट्टी युक्त कलश यात्रा गुजरेगी, वहां बीजेपी कार्यकर्ता गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत करेंगे। भाजपा संत रविदास के समता, सेवा, भक्ति, सामाजिक न्याय एवं मानवता के संदेश को जन-जन के बीच पहुंचाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज दलितों की बात करती है, लेकिन उसने कभी संत रविदास के विचारों और उनके योगदान को सम्मान नहीं दिया।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी संत रविदास के जीवन पर प्रकाश डाला। कहा कि उन्होंने जात-पात के भेदभाव को मिटाने के लिए, समाज में समरसता स्थापित करने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि कोई भी मनुष्य अपने कर्म से ही महान बनता है। संत रविदास द्वारा छुआछूत और जातिवाद मिटाने के लिए किए गए उनके अमूल्य योगदानों के लिए उन्हें सदैव याद रखा जाएगा। कार्यशाला संपन्न होने के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि भारत संतो और महात्माओं का देश है। संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650 वीं जयंती 20 फरवरी 2027 को होने वाली है। इसी के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय टीम की तरफ से पूरे भारत में 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक समरसता संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य देश में संत शिरोमणि रविदास जी के बताए रास्ते पर चलकर सभी के जीवन में सुख समृद्धि कैसे लाया जाए, ऐसा लक्ष्य तय किया गया है।

प्रदेश महामंत्री श्री बाउरी ने कहा कि संत शिरोमणि ने अपने जीवन काल में मानव समाज के बीच समरसता स्थापित करने, जात पात को खत्म करने जैसे कई कार्य किये थे। उनके द्वारा दिए गए संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का काम भारतीय जनता पार्टी 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 के बीच करेगी। उन्होंने कहा कि कठिन समय में जब बाहरी आताताई धर्मांतरण के लिए तलवार के दम पर धर्म परिवर्तन करा रहे थे, तब उन्होंने धर्म की रक्षा की, तब उन्होंने धर्म को बचा कर रखा। ऐसे संत की 650 वीं जयंती मनाने के लिए एक लंबा अभियान चलाया गया है। इस अभियान के माध्यम से हम गांव-गांव तक जाने वाले हैं।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत राज्य के सभी मंडलों के सभी मंदिरों में दीपोत्सव कार्यक्रम भी किया जाएगा। वहीं संत रविदास के जन्मस्थली काशी से उनके पवित्र मिट्टी को झारखंड लाने के लिए एक टोली भी काशी जाएगी। यह टोली 29 जुलाई को गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा और रांची होते हुए झारखंड पहुंचेगी। जहां से सभी मंदिरों तक इस पवित्र मिट्टी को पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि टोली के स्वागत के लिए पूरे राज्य भर में भव्य स्वागत का आयोजन किया जाएगा।
कार्यशाला में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह के अलावा पदाधिकारियों में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, सुनील सोरेन,प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी एवं मनोज सिंह, एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष किशुन दास, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, सरोज सिंह, सुनिता सिंह, कृष्णा महतो, मनीर उरांव एवं शालिनी बैसखियार, दीपक बंका,हेमंत दास ,सूरज गुप्ता चौरसिया सहित सभी जिलों के अध्यक्ष व प्रभारी, मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, इस अभियान को लेकर जिलों में जाने वाली जिला टोली प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
