logo

JPSC-JSSC धांधली की CBI जांच की मांग, भाजपा ने मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपकर 48 घंटे का दिया अल्टीमेटम

bjpjpscjssc.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:
छात्रों पर दर्ज FIR वापस लेने की मांग को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। पार्टी ने JPSC और JSSC की परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की CBI जांच कराने की भी मांग की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में पार्टी के कई विधायक, सांसद और प्रदेश पदाधिकारी बुधवार को प्रोजेक्ट भवन पहुंचे।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपकर छात्रों से जुड़ी विभिन्न मांगों को सरकार के सामने रखा। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी लंबे समय से छात्रों के मुद्दों को लेकर सरकार से बातचीत की कोशिश कर रही है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए समय मांगा गया, लेकिन अब तक समय नहीं मिल सका। ऐसे में मुख्य सचिव के माध्यम से छात्रों के हित से जुड़ी मांगों को सरकार तक पहुंचाया गया है।

48 घंटे में छात्रों पर दर्ज FIR वापस ले सरकार 
ज्ञापन में JPSC-JSSC परीक्षाओं में सामने आई कथित धांधली और अनियमितताओं की CBI से जांच कराने, मामले में दोषी पाए जाने वाले पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी तथा छात्रों पर दर्ज FIR को वापस लेने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है। भाजपा ने स्पष्ट किया कि यदि 48 घंटे के भीतर छात्रों पर दर्ज FIR वापस लेने की दिशा में सरकार ने कदम नहीं उठाया, तो पार्टी आगे आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। पार्टी नेताओं ने कहा कि परीक्षाओं की पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए।

Tags - JPSCJSSCCBI InvestigationBJP JharkhandStudent Protest