logo

गढ़वा में भाजपा ने घेरा DC-SP ऑफिस, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी की CBI जांच की मांग

गढ़वा में भाजपा ने घेरा DC-SP ऑफिस, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी की CBI जांच की मांग

गढ़वा:

JPSC और JSSC रिफॉर्म आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज मुकदमे के खिलाफ आज गढ़वा में भाजपा ने डीसी-एसपी ऑफिस का घेराव किया। गौरतलब है कि भाजपा के निर्देश पर राज्य के सभी 24 जिलों में घेराव कार्यक्रम प्रस्तावित है।  कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देश के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और स्थानीय भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी शामिल हुए। समाहरणालय घेराव से पूर्व टाउन हॉल मैदान में सभा का आयोजन किया गया, जिसे स्थानीय विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने संबोधित किया। भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने राज्य सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बालू और कोयले के कथित अवैध कारोबार को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी संरक्षण में बालू और कोयले की कालाबाजारी हो रही है। विधायक ने मंईयां सम्मान योजना और सरकारी नौकरियों को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए। 

पैसों से नौकरी खरीद रहे प्रभावशाली लोग
सत्येंद्रनाथ तिवारी ने आरोप लगाया कि गरीबों के बच्चों को नौकरी नहीं मिल रही, जबकि पैसे के बल पर प्रभावशाली लोगों के बच्चों को सरकारी पद मिल रहे हैं। सत्येंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि भाजपा के दबाव में कुछ परीक्षाएं रद्द की गई हैं और पार्टी JSSC-JPSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI जांच की मांग कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छात्रों के आंदोलन के दौरान झामुमो से जुड़े लोगों ने छात्रों के साथ मारपीट की। उन्होंने छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की।

छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि JPSC और JSSC CGL समेत परीक्षाओं में कथित घोटाले की CBI जांच और छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर पूरे राज्य में आंदोलन किया जा रहा है। संजय सेठ ने आरोप लगाया कि झारखंड में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने दावा किया कि यहां सिर्फ पेपर लीक का मामला नहीं है, बल्कि पदों की कथित खरीद-फरोख्त तक के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने अलग-अलग सरकारी पदों के लिए करोड़ों रुपये के लेन-देन के आरोप लगाए।

रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि छात्रों ने बिना किसी राजनीतिक समर्थन और बिना किसी देशविरोधी नारे के शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, आंसू गैस छोड़ी गई और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया।

परीक्षा रद्द करना पूरे विवाद का समाधान नहीं!
रक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा रद्द करना इस पूरे मामले का समाधान नहीं है। सरकार को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन कंपनियों पर दूसरे राज्यों में कार्रवाई हुई या जिन्हें ब्लैकलिस्ट किया गया, उन्हें झारखंड में काम दिया गया। संजय सेठ ने दावा किया कि कथित घोटाले से जुड़े कई सबूत मौजूद हैं और इसकी जांच CBI से कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बालू, कोयला और गिट्टी से जुड़े मामलों की जांच पहले CID को दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में JSSC-JPSC से जुड़े कथित घोटाले की जांच भी CID के बजाय CBI ई से कराई जानी चाहिए।

उन्होंने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी सीबीआई जांच की मांग करने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करने की चुनौती दी। संजय सेठ ने आरोप लगाया कि यह मामला मुख्यमंत्री आवास तक जुड़ा हुआ है।

Tags - JPSC JSSC ReformCBICIDGarhwaJharkhand