द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर में देशभक्ति की गूंज एक बार फिर सुनाई देगी। शहीदों के सम्मान में आयोजित ‘अखंड तिरंगा यात्रा सह शहीद सम्मान यात्रा’ इस वर्ष 22 मार्च को अपने 11वें वर्ष में प्रवेश करते हुए भव्य रूप से आयोजित की जाएगी। आयोजन को लेकर नमन संस्था के संस्थापक अध्यक्ष अमरप्रीत सिंह काले ने संवाददाता सम्मेलन में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रा सुबह एग्रीको ट्रांसपोर्ट मैदान से प्रारंभ होकर एग्रीको गोलचक्कर, भालूबासा, साकची, वसंत सिनेमा, कालीमाटी रोड होते हुए आरडी टाटा चौक और पुलिस लाइन तक जाएगी, जहां शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद यात्रा पुनः एग्रीको मैदान में समाप्त होगी। काले ने कहा कि यह यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि शहीदों के सपनों को जीवित रखने का संकल्प है। नमन संस्था राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रभक्ति के प्रसार और समाज में भाईचारे को कायम रखने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। यह मंच पूरी तरह गैर-राजनीतिक और गैर-सांप्रदायिक भावना से प्रेरित है, जिसमें हर वर्ग और समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की जाती है।
यात्रा की खास बातें इस प्रकार हैं: यात्रा का नेतृत्व ‘मां भारती’ के रथ द्वारा किया जाएगा। चार जीवंत झांकियां शहीदों के बलिदान की गाथा प्रस्तुत करेंगी। पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों का सम्मान किया जाएगा। शहर के विभिन्न स्थानों पर यात्रा का भव्य स्वागत होगा। इसमें हजारों युवाओं, मातृशक्ति और सामाजिक संगठनों की भागीदारी होगी। अमरप्रीत सिंह काले ने बताया कि हर वर्ष यह यात्रा 23 मार्च को शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहादत दिवस पर निकाली जाती है, लेकिन इस बार बोर्ड परीक्षाओं के कारण इसे एक दिन पहले 22 मार्च को आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन के लिए शहर के शिक्षाविदों, चिकित्सकों, समाजसेवियों, पूर्व सैनिकों, अधिवक्ताओं, उद्योग जगत से जुड़े लोगों और विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों को शामिल करते हुए एक व्यापक आयोजन समिति बनाई गई है। काले ने शहरवासियों, युवाओं, मातृशक्ति और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस यात्रा में शामिल होकर इसे सफल और गरिमामय बनाएं।
