रांची
भारतीय जनता पार्टी रांची महानगर एवं ग्रामीण जिला द्वारा रविवार को वक्फ सुधार जन जागरण अभियान के तहत एक जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा महानगर कार्यालय में संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य वक्फ संपत्तियों से जुड़े सुधारों को लेकर समाज में जागरूकता फैलाना था। कार्यशाला को संबोधित करते हुए रांची के वरिष्ठ विधायक सीपी सिंह ने कहा कि वक्फ की संपत्तियों पर अब केवल कुछ चुनिंदा लोग या मजहब की राजनीति करने वालों का अधिकार नहीं रहेगा। "वक्फ संशोधन कानून 2025 के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इन संपत्तियों का लाभ गरीब मुसलमानों को भी मिल सके," उन्होंने कहा।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह मुस्लिम समाज को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाया गया यह कानून मुस्लिम समुदाय, विशेष रूप से गरीब मुसलमानों के हितों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। कांग्रेस प्रोपेगेंडा फैलाकर मुसलमानों को गुमराह कर रही है।"
कार्यक्रम के संयोजक कमाल खान ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से कांग्रेस ने मुसलमानों को केवल वोट बैंक की तरह देखा है और कभी उनकी वास्तविक भलाई के लिए काम नहीं किया। उन्होंने कहा, "जब-जब भाजपा सरकार ने मुस्लिम समाज की भलाई के लिए कोई पहल की, कांग्रेस ने उसमें बाधा डालने और भ्रम फैलाने का काम किया।"
वरिष्ठ नेताओं ने धारा 370, तीन तलाक और वक्फ संशोधन जैसे विषयों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन सभी मामलों में कांग्रेस ने मुसलमानों को गुमराह करने की कोशिश की, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार मुस्लिम समाज के हित में कदम उठाए हैं। वक्ताओं ने मुस्लिम समुदाय से अपील की कि वे इस कानून को समर्थन दें और किसी भी अफवाह या भ्रम से दूर रहें।
भाजपा रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा, "इस कार्यशाला का उद्देश्य यह स्पष्ट करना है कि वक्फ संशोधन से गरीब मुसलमानों को क्या लाभ मिलेगा, और कैसे कांग्रेस ने लंबे समय तक मुस्लिम समाज की अनदेखी की है। हमें समाज में जाकर इस संदेश को प्रसारित करना होगा।"
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने की तथा संचालन ग्रामीण जिला अध्यक्ष विनय महतो 'धीरज' ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से विधायक सी. पी. सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती आरती कुजूर, वरिष्ठ नेता मो. कमाल खान, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मो. अनवर हयात, मो. सोना खान, मो. काजिम कुरैशी, पूर्व विधायक श्रीमती गंगोत्री कुजूर, पूर्व विधायक जीतू चरण राम, राम कुमार पाहन, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, राजू सिंह, अनीता वर्मा, विनय सिंह, विकास रवि, बिना मिश्रा, सोनू सिंह, आलमगीर अंसारी, मो. इमरान खान, आरिफ भट्ट सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के कार्यकर्ता, अधिवक्ता, चिकित्सक और आम नागरिक उपस्थित रहे।