द फॉलोअप डेस्क
नवरात्रि के पावन अवसर पर जिला प्रशासन ने जिले के सभी दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। सोमवार से जिले के सभी पंडालों के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुल जाएंगे। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था, फायर सेफ्टी, एंबुलेंस सेवा, साफ-सफाई और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सहित सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए हैं।
महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग लाइनें बनाई गई हैं, जिससे भीड़ प्रबंधन सुचारू रूप से हो सके। वहीं, विसर्जन मार्गों और तालाबों की भी सफाई कराई गई है। विसर्जन स्थलों पर पेयजल, शौचालय, गोताखोर और लाइटिंग की भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे नवरात्रि उत्सव को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाएं, लेकिन जोश में होश न खोएं। साउंड लिमिट का पालन करें और दूसरों की सुविधा व भावना का भी सम्मान करें।
इस संबंध में उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि अफवाहों से बचें और प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं में सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन सुरक्षा और शांतिपूर्ण आयोजन ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही जिलेवासियों से नियमों का पालन करने की अपील भी की गई है।
