logo

कोर्ट के आदेश पर दुन्दरिया चर्च में दखल-दिहानी कराने पहुंचा प्रशासन, दो पक्ष आमने-सामने

कोर्ट के आदेश पर दुन्दरिया चर्च में दखल-दिहानी कराने पहुंचा प्रशासन, दो पक्ष आमने-सामने

गुमला 

गुमला शहर से सटे मिशन चौक स्थित दुन्दरिया चर्च में शुक्रवार को कोर्ट के आदेश पर दखल-दिहानी कराने पहुंची जिला प्रशासन की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। प्रशासन की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही GL चर्च और NW चर्च के समर्थक बड़ी संख्या में चर्च के पास जुट गए। सुबह करीब 6 बजे से ही लोगों का जमावड़ा शुरू हो गया था। भारी बारिश के बावजूद दोनों पक्षों के लोग मौके पर डटे रहे।

विवाद का समाधान बातचीत से कराने की अपील
जीएल चर्च के अनिल कुमार केरकेट्टा ने बताया कि वर्ष 1845 से यह जमीन ट्रस्ट की है। कुल 41 एकड़ जमीन में करीब 31 डिसमिल हिस्से में चर्च का निर्माण है। उन्होंने बताया कि गुमला कोर्ट से दखल-दिहानी का आदेश मिलने के बाद प्रशासनिक टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी, लेकिन NW चर्च के समर्थक जमीन और चर्च पर अपना अधिकार बताते हुए विरोध में सामने आ गए। प्रशासन ने MW चर्च के लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे दखल-दिहानी की कार्रवाई के लिए तैयार नहीं हुए। उनका कहना था कि पूर्वजों के समय से ही चर्च पर उनका अधिकार रहा है और उनके पूर्वजों ने चर्च का निर्माण कराया था। उन्होंने कहा कि विवाद का समाधान बातचीत के माध्यम से किया जाना चाहिए।

वहीं जीएल के पक्ष का कहना था कि अब तक NW के लोगों ने बातचीत की पहल नहीं की। कोर्ट का आदेश आने के बाद कार्रवाई का विरोध किया जा रहा है।

तनावपूर्ण स्थिति के बीच भारी पुलिस बल तैनात

दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। मौके पर एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, थाना प्रभारी दिनेश कुमार, अंचल अधिकारी हरीश कुमार, महिला डीएसपी समेत पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे। प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Tags - Jharkhand NewsGumla District AdministrationChurchCourt Order