द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग में शराब वितरण का टेंडर लेने वाली कंपनी विजन प्राइवेट लिमिटेड के मालिक से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। कंपनी के मालिक को कुछ दिनों पहले एक फोन कॉल आया था, जिसके बाद उन्होंने कोर्रा थाना में लिखित आवेदन दिया।
झारखंड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार सुबह रांची से सुबोध जायसवाल नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ट्रांजिट डिमांड पर हजारीबाग लाया गया, जहां कोर्रा थाना में उससे गहन पूछताछ की जा रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक उसे न्यायिक हिरासत में नहीं भेजा गया था।
सूत्रों के मुताबिक, लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर सुबोध जायसवाल की पहचान की और उसे गिरफ्तार किया। अब पुलिस जांच कर रही है कि इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, या यह अकेले सुबोध जायसवाल की योजना थी।
इस मामले में हजारीबाग के कोर्रा थाना प्रभारी अजीत कुमार से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने किसी भी जानकारी देने से इंकार कर दिया। अब यह देखना होगा कि पुलिस की पूछताछ में और कितने नामों का खुलासा होता है और क्या यह एक संगठित गिरोह की करतूत है या फिर अकेले की साजिश।
