logo

हजारीबाग में 2 इंजीनियर 1.72 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े गये, ACB का एक्शन

हजारीबाग में 2 इंजीनियर 1.72 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े गये, ACB का एक्शन

हजारीबाग:

हजारीबाग में 2 इंजीनियर घूस लेते रंगेहाथ धरे गए हैं. एसीबी ने पथ प्रमंडल बरही के कार्यपालक अभियंता राहुल कुमार मालतो औऱ सहायक अभियंता चिरंजीवी दांगी को 1 लाख 72 हजार रुपये घूस लेते पकड़ा है. गिरिडीह जिले के बिरनी थानाक्षेत्र अंतर्गत खरखरी गांव के रहने वाले ब्रजेश कुमार राय ने एसीबी ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने जानकारी दी थी कि उनकी कंपनी गंगा कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड को पंचायत मरम्मती योजना के तहत सड़क, बैरियर, ड्रेन और बाउंड्री बनाने का काम मिला था.

दंडाधिकारी की मौजूदगी में घूस लेते पकड़ा
आरोप है कि इस काम के एवज में कार्यपालक अभियंता राहुल कुमार मालतो ने उनसे दिसंबर में रिवाइज्ड एग्रीमेंट राशि का 1 फीसदी, अब तक हुए भुगतान का 1 फीसदी और उड़नदस्ता टीम के नाम पर कुल 5 लाख रुपये का घूस मांगा. जांच में एसीबी ने पाया कि कार्यपालक अभियंता राहुल मालतो और सहायक अभियंता चिरंजीवी दांगी ने पीड़ित से 1 लाख 72 हजार रुपये मांगे. आखिरकार एसीबी ने गुरुवार को दंडाधिकारी और 2 सरकारी गवाहों की मौजूदगी में दोनों को रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा. 

दोनों इंजीनियरों से होगी विस्तृत पूछताछ
एसीबी दोनों आरोपी इंजीनियरों को गिरफ्तार करके ले गई जहां उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है. उनकी चल और अचल संपति की जांच भी की जा रही है. एसीबी ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करती है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. 

Tags - HazaribaghHazaribagh Bribe NewsHazaribagh Bribe UpdateHazaribagh UpdateJharkhand NewsBribe