द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के चैनपुर थाना प्रभारी शैलेश कुमार को पदभार संभालने के महज 96 घंटे के भीतर ACB की टीम ने 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने रविवार को ही चैनपुर के 22वें थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण किया था, लेकिन बुधवार दोपहर उनका भ्रष्टाचार सामने आ गया। आरोप है कि थाना प्रभारी शैलेश कुमार और पूर्व प्रभारी अशोक कुमार ने पीड़ित जयपाल नायक पर निजी घर के लिए ईंट पकाने के एवज में अवैध वसूली का दबाव बनाया। जयपाल नायक के अनुसार वह एक गरीब व्यक्ति है, लेकिन पुलिस की ओर से लगातार उसे परेशान किया जा रहा था। इससे तंग आकर उसने एसीबी रांची में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद बुधवार दोपहर 2:05 बजे एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और रिश्वत की राशि लेते हुए थाना प्रभारी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम ने करीब 15 मिनट तक उनके आवास की तलाशी ली और अपराह्न 3:10 बजे उन्हें अपने साथ रांची ले गई।
.jpeg)