पाकुड़:
बंगाल निवासी एक व्यक्ति द्वारा झारखंड की जमीन पर अवैध खनन और भूमि से जुड़ी अनियमितताओं की जांच करने बुधवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB), दुमका की टीम पाकुड़ पहुंची। डीएसपी स्तर के अधिकारी और ACB पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में पहुंची टीम ने सबसे पहले SDM कार्यालय में आवश्यक जानकारी जुटाने का प्रयास किया। हालांकि, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) में व्यस्तता के कारण एसडीएम से टीम की मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद एसीबी टीम खनन विभाग पहुंची और संबंधित दस्तावेजों की जांच की।
जांच के क्रम में टीम मालपहाड़ी थानाक्षेत्र के कानुपुर स्थित उस खदान तक भी पहुंची, जो कथित तौर पर पश्चिम बंगाल के राजग्राम निवासी से जुड़ी बताई जा रही है। टीम ने मौके पर ग्रामीणों एवं कुछ लोगों से पूछताछ की तथा खदान क्षेत्र की तस्वीरें भी लीं।

9.71 एकड़ जमीन पर अवैध खनन की शिकायत
सूत्रों के अनुसार, झारखंड की करीब 9.71 एकड़ जमीन पर कथित अवैध खनन को लेकर शिकायत की गई थी। बताया जा रहा है कि मामले में ड्रोन सर्वे और DGPS जांच भी कराई गई है तथा संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध हो चुकी है। हालांकि, रिपोर्ट की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
.jpeg)
जांच पूरी होने के बाद ही तस्वीर साफ होगी
एसीबी टीम से पत्रकारों ने पाकुड़ पहुंचने और खदान की जांच के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन अधिकारियों ने कोई विस्तृत बयान देने से इनकार किया। टीम की ओर से केवल इतना कहा गया कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। सूत्रों का कहना है कि कथित अवैध खनन सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति पर नियमों के तहत करोड़ों रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि मामले की शिकायत पूर्व में उच्चस्तरीय विभागों तक भी पहुंची थी। इसी शिकायत के आधार पर जांच आगे बढ़ने की बात सामने आ रही है। जांच के बाद एसीबी की टीम खदान से पाकुड़ लौट आई।