logo

स्मार्ट सिटी कमांड सेंटर में लगेगा टेट्रा का टावर, इमरजेंसी कॉलिंग बॉक्स का होगा प्रचार-प्रसार

स्मार्ट सिटी कमांड सेंटर में लगेगा टेट्रा का टावर, इमरजेंसी कॉलिंग बॉक्स का होगा प्रचार-प्रसार

द फॉलोअप डेस्क
रांची स्मार्ट सिटी स्थित कमांड सेंटर के परिसर में एक माह के अंदर सीसीआर डीएसपी बैठेंगे। सीसीआर का पूरा वर्क फोर्स यहीं से काम करेगा। इसके अलावा यातायात की अधिक से अधिक निर्भरता ऑनलाइन सेवाओं पर करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही इसी बिल्डिंग में टेट्रा का भी टावर लगेगा। यह बातें रांची के एसएसपी किशोर कौशल ने बुधवार को स्मार्ट सिटी में आयोजित बैठक में कही। उन्होंने कहा कि जियो फैन्सिंग करके अब भीड़ प्रबंधन में भी इस सेंटर की मदद ली जाएगी। दरअसल बुधवार को हुई बैठक में रांची स्मार्ट सिटी के सीईओ अमित कुमार ने रांची जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि वो शहर के सर्विलांस, यातायात प्रबंधन, ग्रीन कॉरिडोर, वीआईपी और वीवीआईपी मूवमेंट, नगरीय सेवाओं और अन्य समस्याओं के त्वरित समाधान में स्मार्ट सिटी के कमांड कंट्रोल एंड कम्यूनिकेशन सेंटर का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें।

50 स्थानों पर लगे हैं इमरजेंसी कॉलिंग बॉक्स
सीईओ अमित कुमार डीसी और एसएसपी से आग्रह किया कि जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों को यहां से मिलनेवाली सर्विसेज का प्रशिक्षण कराकर अधिक से अधिक विद्यालय और महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को इन चीजों से अवगत कराएं। इस सेंटर के माध्यम से शहर के 50 लोकेशन पर इमरजेंसी कॉलिंग बॉक्स (ईसीबी) लगे हैं। जहां से किसी भी आपात स्थिति में टू वे कम्यूनिकेशन के तहत कमांड सेंटर से जुड़ा जा सकता है। इसके साथ ही छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई के लिए भी सिटी ऐप में सेव योर सोल सर्विस दिया गया है। पुलिस के माध्यम से इसके इस्तेमाल और इसपर दिए जानेवाले रिस्पांस की जानकारी लोगों तक सुनिश्चित हो।

जिला प्रशासन का एक दल जल्द पहुंचे कमांड
डीसी
राहुल सिन्हा ने कहा कि कहा कि जल्द ही जिला प्रशासन के अधिकारियों का एक दल यहां पहुंचेगा। जिसमें जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक भी रहेंगे। उपकरणों के बारे में वे जानकारी लेकर कॉलेज और स्कूल में बच्चों के बीच इसीबी और एसओएस का प्रशिक्षण उनके द्वारा दिलाया जाएगा। इससे छात्राओं और महिलाओं के साथ साथ समाज के हर वर्ग को किसी अनहोनी से बचाया जा सकेगा।

अधिकारियों ने देखा लाइव डेमो
बैठक के दौरान डीसी व एसएसपी के अलावा सिटी एसपी शुभांशु जैन और ट्रैफिक एसपी हरीश बिन जमां व अन्य अधिकारियों ने कमांड सेंटर से जुड़े उपकरणों का लाइव डेमोंसट्रेशन भी देखा। शहर के विभिन्न चौक चौराहों पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों से ईसीबी के माध्यम से बातचीत भी की।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : http://  https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N