द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के विभिन्न इलाकों में जंगली हाथियों की सक्रियता के कारण वन विभाग के कर्मी काफी परेशान हैं। डीएफओ द्वारा लगातार हाथियों के आने की सूचना के बाद वन विभाग के कर्मियों को लगाकर हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर ले जाने की कोशिश की जा रही है। डीएफओ अहमद बिलाल अनवर ने बताया कि वर्तमान में घाघरा में एक, बसिया में एक और चैनपुर थाना क्षेत्र में दो जंगली हाथियों की सूचना है, लेकिन सभी हाथी जंगल की ओर सुरक्षित जा रहे हैं।
वहीं उन्होंने बताया कि घाघरा में मौजूद हाथी अब लोहरदगा की ओर निकल चुका है। लेकिन उन्होंने इस बात को लेकर चिंता व्यक्त की है कि जंगली हाथियों के आने के बाद ग्रामीण जिस तरह से उनके आसपास नजर आते हैं, वह चिंता का विषय है। ऐसे में लोगों को विशेष रूप से सतर्क करने की आवश्यकता है, क्योंकि अगर लोग हाथियों के पीछे-पीछे जाएंगे तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि लोगों की सावधानी ही उन्हें सुरक्षित रख सकती है। वहीं, उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से लगातार किसी प्रकार के जंगली हाथियों द्वारा फसल और घरों को नुकसान पहुंचाने पर मुआवजा उपलब्ध कराने की कोशिश की जाती है। ऐसे में लोगों को अपने नुकसान की चिंता न करते हुए अपने जीवन की सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए।
