logo

साहेबगंज : बरहेट में एक ही रात में धन जोड़ी गांव के अलग-अलग घरों से 10 मोबाइल चोरी, इलाके में दहशत

Screenshot_2026-05-29_031457.jpg

साहेबगंज 
बरहेट थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में बेखौफ चोरों ने एक ही रात में पूरे गांव को निशाना बनाते हुए अलग-अलग घरों से करीब 3 लाख रुपये मूल्य के 10 मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भारी दहशत और आक्रोश का माहौल है। लगातार बढ़ती घटनाओं ने अब स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोते रह गए परिवार इधर दीवार फांदकर चोरों ने साफ किया हाथ
यह सनसनीखेज मामला बरहेट थाना क्षेत्र के धन जोड़ी गांव का है, जहां बुधवार की रात चोरों ने एक सुनियोजित साजिश के तहत कई घरों को निशाना बनाया। चोरों ने गांव के गौतम पंडित, भोला पंडित, विक्की ठाकुर, संदीप यादव, विजय ठाकुर, पिंकू ठाकुर, कार्तिक पंडित और अभिमन्यु ठाकुर के घरों में सेंधमारी की। पीड़ित नवीन कुमार पंडित ने बताया कि वे सभी रात में अपने-अपने घरों में सो रहे थे। सुबह जब आंख खुली तो मोबाइल गायब था। देखते ही देखते पूरे गांव में मोबाइल चोरी की खबर फैल गई। जब चोरी गए नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की गई, तो सभी फोन बंद आ रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि चोर रात के अंधेरे में दीवार फांदकर घरों में दाखिल हुए और चुपके से 10 मोबाइल समेटकर रफूचक्कर हो गए। 
ग्रामीणों में असुरक्षा का भाव
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस फिलहाल आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की तलाश कर रही है। वहीं, पीड़ितों ने थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लगातार हो रही चोरियों के कारण वे अपने ही घरों में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने और सामान बरामद करने की मांग की है। मामले पर पुलिस का कहना है कि छानबीन जारी है और चोर जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।बरहेट में चोरों के आगे बेबस पुलिस! पिछले दो महीनों की बड़ी वारदातें:
14 अप्रैल धोबडीहा स्थित एक स्थानीय पत्रकार के घर में चोरों ने घुसने का प्रयास किया, हालांकि वे कुछ ले जाने में नाकाम रहे।
20 अप्रैल साह चौक बरहेट में एक CSP कर्मी की बाइक से दिनदहाड़े 2 लाख 70 हजार रुपये उड़ा लिए गए। इस हाई-प्रोफाइल मामले में भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं।
25 अप्रैल चोरों ने आस्था के केंद्र भूतेश्वर नाथ मंदिर को भी नहीं बख्शा और वहां से इनवर्टर व बैटरी चुरा ली। इस मामले में भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
कुसमा गांव यहां एक मिठाई दुकान में चोरी हुई थी, जिसमें सीसीटीवी (CCTV) फुटेज के जरिए चोर की पहचान तो हो गई, लेकिन मामले को स्थानीय स्तर पर ही सुलझा लिया गया।

बरहेट बाजार के सोना ज्वेलरी शॉप से 4 लाख की चैन चोरी हो गई 
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है और पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की जा रही है।


 

Tags - Sahibganj Barhet Theft Case Jharkhand Crime Police Investigation