रांची
झारखंड के अधिकांश जिलों में शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है। हालांकि कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान में आंशिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में 15 जनवरी तक शीतलहर जारी रहने की संभावना है।
राजधानी रांची में शनिवार को न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सोमवार को बढ़कर 8.5 डिग्री सेल्सियस हो गया। वहीं जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से बढ़कर 10.8 डिग्री, डालटेनगंज में 3.5 से 6.1 डिग्री, बोकारो में 6.1 से 7.6 डिग्री तथा चाईबासा में 6.6 के मुकाबले 8.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि 13 जनवरी को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और मध्यवर्ती हिस्सों में शीतलहर की संभावना है। वहीं 14 और 15 जनवरी को उत्तर-पश्चिमी, मध्यवर्ती और दक्षिणी जिलों में भी कहीं-कहीं शीतलहर का प्रभाव देखने को मिल सकता है।
अगले तीन दिनों के दौरान राज्य भर में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई गई है। इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान झारखंड के गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, लातेहार, लोहारदगा और गुमला जिलों में अलग-अलग स्थानों पर शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 13 जनवरी को रांची समेत कुल 13 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
सोमवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा। सुबह के समय कड़ाके की ठंड महसूस की गई, जबकि दिन चढ़ने के साथ धूप में हल्की तपिश रही। शाम होते ही एक बार फिर कनकनी बढ़ गई, जिससे लोग ठंड से बचाव करते नजर आए।
.jpeg)