द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण को लेकर सभी राजनीतिक दलों के नेता लगातार प्रचार में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी सक्रिय प्रचार-प्रसार में लगे हैं। बांका जिले में प्रचार करने के बाद वह देवघर के मोहनपुर पहुंचे।
देवघर पहुंचते ही राजद के कार्यकर्ता और नेता उनका स्वागत करने मोहनपुर में इकट्ठा होने लगे। इस अवसर पर देवघर के विधायक और राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान भी तेजस्वी यादव के स्वागत और चुनाव से संबंधित चर्चा के लिए उपस्थित हुए। कार्यकर्ताओं की भीड़ और उत्साह को देखते हुए तेजस्वी यादव ने सभी से मुलाकात की और उनसे कहा कि बांका, जमुई, भागलपुर समेत अन्य जिलों में जाकर राष्ट्रीय जनता दल का प्रचार-प्रसार करें।
मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी तबीयत नासाज है, लेकिन चुनावी रण का मैदान है और वह लगातार अपने प्रत्याशियों के साथ प्रचार-प्रसार में सक्रिय हैं। उन्होंने बताया कि जमुई और नवादा के सभी विधानसभा क्षेत्रों में शनिवार को प्रचार-प्रसार का कार्यक्रम निर्धारित है और वह देवघर से सीधे जनता के बीच जाएंगे।
इस अवसर पर राजद विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि बिहार चुनाव में जीत हासिल करने के लिए झारखंड के नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिसे कार्यकर्ता पूरी शिद्दत से निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि इस बार बिहार की जनता तेजस्वी यादव को अपना मुख्यमंत्री चुनेगी और बिहार की किस्मत बदलने में मदद करेगी।
बिहार राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश महासचिव नीरज यादव ने कहा कि जिस तरह तेजस्वी यादव दिन-रात मेहनत कर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा रहे हैं, उसे देखकर लगता है कि इस बार महागठबंधन की जीत का डंका पूरे बिहार में बजेगा। तेजस्वी यादव से मिलने के लिए बिहार के कई वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे, जिनमें एमएलसी अजय सिंह और चाणक्य यादव शामिल थे।
