पटना/रांची
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बिहार की राजनीति को लेकर एक बड़ा और स्पष्ट बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि "तेजस्वी यादव ही बिहार का भविष्य हैं और अंसारी समाज का एक भी वोट अब बंटने नहीं दिया जाएगा।" उनका यह बयान आने वाले विधानसभा चुनावों से पहले महागठबंधन के लिए एक बड़ा संदेश माना जा रहा है।
बिहार में ‘वोट अधिकार यात्रा’ के दौरान डॉ. अंसारी ने बिहार के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से मुलाकात की। इस मौके पर उन्होंने साफ कहा कि, "उन्हें हर हाल में मुख्यमंत्री बनाना हमारा संकल्प है और इसी उद्देश्य से मैं बिहार में सक्रिय हूं।"

डॉ. अंसारी ने याद दिलाया कि अविभाजित बिहार में उनके पिता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फुरकान अंसारी तथा राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बीच मजबूत सामाजिक और राजनीतिक समीकरण रहा है, जिसने राज्य में भाईचारे और एकता को बढ़ावा दिया था। अब उसी विरासत को आगे बढ़ाने का समय है।
उन्होंने बिहार के अंसारी समाज से अपील करते हुए कहा: "जिस प्रकार झारखंड में कांग्रेस ने 28% अंसारी समाज को सम्मान दिया है, उसी तरह बिहार में भी 26% अंसारी समाज की अहम भूमिका है। मैं भरोसा दिलाता हूं कि महागठबंधन के प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए दिन-रात मेहनत करूंगा।" डॉ. अंसारी ने यह भी दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है।
.jpeg)
"बिहार में परिवर्तन तय है। जनता ने मन बना लिया है। महागठबंधन की सरकार राहुल गांधी जी की मेहनत और तेजस्वी यादव जी की लगन से बनेगी, जो भाईचारे, समानता और विकास की नई इबारत लिखेगी।"
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि झारखंड के एक वरिष्ठ मंत्री द्वारा इस तरह की सक्रियता और बयानबाजी से न सिर्फ महागठबंधन को ताकत मिलेगी, बल्कि अल्पसंख्यक और पिछड़े समाजों के वोटों का बड़ा ध्रुवीकरण भी हो सकता है।
