logo

साहिबगंज में गंगा स्नान के दौरान 14 वर्षीय किशोर लापता, तेज धारा में बहने की आशंका, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

saheb_GANGA.jpg

साहिबगंज 
साहिबगंज शहर स्थित संत जेवियर्स स्कूल के पीछे गंगा घाट पर मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना घटी। गंगा घाट में स्नान करने के दौरान 14 वर्षीय किशोर अचानक गंगा की तेज धारा और गहराई में समा गया, जिसके बाद वह लापता हो गया। घटना की खबर फैलते ही घाट पर सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे क्षेत्र में चिंता एवं शोक का माहौल व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय समाजसेवी सहित लोगों की भीड़ भी गंगा तट पर पहुंच गयी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोर स्नान कर रहा था तभी वह गहरे पानी की चपेट में आ गया और देखते ही देखते नदी की अथाह गहराइयों में ओझल हो गया। गौरतलब है कि संत जेवियर्स स्कूल के पीछे स्थित इस गंगा घाट पर इसी गर्मी के मौसम में यह दूसरी बड़ी डूबने की घटना है।

सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि घाट पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है और न ही सुरक्षा संबंधी पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं, जिसके कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। इधर, घटना की सूचना मिलते ही सदर अंचलाधिकारी (CO) और गंगा थाना प्रभारी लव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल किशोर की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान शुरू कराया। गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से गंगा में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक किशोर का कोई पता नहीं चल सका है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, चेतावनी संकेतक बोर्ड और निगरानी तंत्र की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अविलंब सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Tags - Ganga River drowning incident missing teenager police investigationrescue operation