logo

राज्यपाल और सीएम से टेक्निकल छात्र संघ ने की JUT में नियमित कुलपति की नियुक्ति मांग

JUT_Logo.jpg

द फॉलोअप, रांची
झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (JUT), रांची में नियमित कुलपति (VC) की नियुक्ति को लेकर टेक्निकल छात्र संघ ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर जल्द विज्ञापन जारी करने की मांग की है। संघ ने कहा है कि वर्तमान कुलपति प्रो. (डॉ.) डी.के. सिंह का तीन वर्ष का कार्यकाल 25 जुलाई 2026 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में विश्वविद्यालय में प्रशासनिक, शैक्षणिक और वित्तीय कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए समय रहते नए नियमित कुलपति की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए।

छात्र संघ ने अपने पत्र में यह भी मांग की है कि वर्तमान कुलपति के पूरे कार्यकाल के दौरान लिए गए प्रशासनिक निर्णयों, वित्तीय व्यय, नियुक्तियों और नीतिगत फैसलों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। संघ का कहना है कि झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 2026 लागू होने के बाद कुलपति चयन की नई प्रक्रिया निर्धारित की गई है, जिसके तहत राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में पारदर्शी तरीके से नियमित नियुक्तियां होनी चाहिए। संगठन ने विभाग से अनुरोध किया है कि छात्र हित, विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था और तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए कुलपति पद के लिए शीघ्र अधिसूचना जारी की जाए तथा पिछले तीन वर्षों के कार्यकाल की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Tags - Governor CM Technical Students Union JUT Vice Chancellor