रांची
रांची जिले में सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान और पेंशन से जुड़ी प्रक्रिया को सरल व मानवीय बनाने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए समाहरणालय के ब्लॉक-ए स्थित कॉन्फ्रेंस कक्ष में पेंशन दरबार सह सेवा निवृत्ति विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षकों को उनके लंबे, समर्पित और अनुकरणीय सेवा काल के लिए सम्मानित करना तथा सेवानिवृत्ति के ही दिन सभी पेंशनरी लाभ उपलब्ध कराना था। यह आयोजन जिला प्रशासन की उस निरंतर कोशिश का हिस्सा है, जिसमें कर्मचारियों विशेषकर शिक्षकों के कल्याण और सम्मान को प्राथमिकता दी जा रही है।

इस अवसर पर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कुल 12 सेवानिवृत्त शिक्षकों, एक आदेशपाल एवं एक प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को शॉल, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज के निर्माणकर्ता होते हैं और उनके योगदान से ही आने वाली पीढ़ियां मजबूत बनती हैं। उपायुक्त ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी रिटायरमेंट लाभ प्रदान करना एक बड़ी उपलब्धि है, जो प्रशासन की संवेदनशीलता और शिक्षकों के प्रति सम्मान को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जीवन की नई पारी में सभी सेवानिवृत्त शिक्षक स्वस्थ, सक्रिय और समाजसेवा से जुड़े रहें।

उन्होंने कहा, “ईश्वर से प्रार्थना है कि आप सभी को दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य प्राप्त हो। जीवन की इस नई यात्रा में आप नई ऊंचाइयों को छुएं।”
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज एवं शिक्षा विभाग के कर्मियों को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं कर्मियों में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, सहायक शिक्षक, प्रधानाध्यापक और आदेशपाल शामिल रहे। सभी ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे कर्मचारियों के लिए सम्मानजनक और प्रेरणादायी बताया। यह आयोजन जिला प्रशासन की उस नीति को मजबूती देता है, जिसमें शिक्षकों के सम्मान, अधिकार और गरिमा को सर्वोपरि माना जा रहा है। ऐसे कार्यक्रम न केवल मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि प्रशासन और कर्मचारियों के बीच विश्वास को भी मजबूत करते हैं।
.jpg)