logo

टाटानगर से जयपुर तक सीधी ट्रेन की मांग तेज, विधायक पूर्णिमा साहू ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

जददीलगसो1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर टाटानगर रेलवे स्टेशन से जयपुर (राजस्थान) तक सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग की है। उन्होंने इस मांग को जनभावनाओं से जुड़ा विषय बताते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है। अपने पत्र में विधायक ने उल्लेख किया है कि जमशेदपुर एक प्रमुख औद्योगिक नगरी है, जहां राजस्थान मूल के परिवारों और व्यापारियों की बड़ी संख्या निवास करती है। उन्होंने बताया कि सीधी रेल सेवा नहीं होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में उन्होंने ‘मारवाड़ी सम्मेलन’ साकची शाखा, जमशेदपुर द्वारा भेजे गए पत्र को भी संलग्न किया है, जिसमें जयपुर तक सीधी ट्रेन चलाने की मांग की गई है।


विधायक पूर्णिमा साहू ने धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी इस रेल सेवा को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि राजस्थान स्थित खाटू श्याम मंदिर जमशेदपुर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां वर्षभर बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए जाते हैं। इसके अतिरिक्त सालासर बालाजी मंदिर, अजमेर शरीफ दरगाह, जयपुर, जोधपुर और झुंझुनूं जैसे प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के लिए भी क्षेत्र से लगातार यात्राएं होती रहती हैं।


शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने कोटा का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि कोटा देश का प्रमुख एजुकेशन हब है, जहां जमशेदपुर और आसपास के इलाकों से हजारों छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जाते हैं। मौजूदा रेल व्यवस्था उनकी जरूरतों को पूरी तरह पूरा नहीं कर पा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सीधी ट्रेन नहीं होने के कारण यात्रियों को दिल्ली या अन्य स्टेशनों पर उतरकर ट्रेन बदलनी पड़ती है, जिससे विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और विद्यार्थियों को भारी असुविधा होती है। विधायक पूर्णिमा साहू ने रेल मंत्री से जनहित और क्षेत्र की बड़ी आबादी की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टाटानगर से जयपुर तक सीधी रेल सेवा प्रारंभ करने के प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया है।