logo

टाटा जू की चहेती अफ्रीकी शेरनी जोया की 16 साल में मौत, 6 माह की उम्र में लाई गई थी

ेपाी.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क (टाटा जू) की 16 वर्षीय अफ्रीकी शेरनी जोया का निधन हो गया है। पिछले कुछ दिनों से वह बीमार चल रही थी और उसका इलाज किया जा रहा था। जोया की मौत से टाटा जू प्रबंधन, वन्यजीव प्रेमियों और शहरवासियों में शोक की लहर है। शांत और चंचल स्वभाव वाली जोया वर्षों से जू आने वाले पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रही थी। जोया का टाटा जू और जमशेदपुर से विशेष जुड़ाव रहा है। उसे दक्षिण अफ्रीका के प्रिटोरिया से महज छह माह की उम्र में भारत लाया गया था। उसके साथ जम्बो और एड नाम के दो अन्य अफ्रीकी शेर भी टाटा जू पहुंचे थे। समय के साथ जोया पर्यटकों की पसंदीदा वन्यजीव बन गई और जू परिवार का अहम हिस्सा मानी जाने लगी।


विशेषज्ञों की निगरानी में हुआ पोस्टमार्टम
जोया की मौत के बाद जू प्रबंधन ने इसकी सूचना जमशेदपुर वन प्रमंडल की डीएफओ शबा आलम अंसारी और जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. समरजीत मंडल को दी। इसके बाद वन्यजीव विशेषज्ञ चिकित्सकों की संयुक्त टीम की निगरानी में उसका पोस्टमार्टम कराया गया। पूरी प्रक्रिया निर्धारित सुरक्षा मानकों और अनिवार्य वीडियोग्राफी के साथ पूरी की गई। मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम के दौरान बिसरा सुरक्षित रखा गया है। इसे जांच के लिए भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), बरेली भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


पूरे सम्मान के साथ किया गया अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम के बाद टाटा जू परिसर में ही जोया का पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जोया के निधन से टाटा जू ने अपने सबसे पुराने और लोकप्रिय वन्यजीव साथियों में से एक को खो दिया है। जू प्रबंधन और वन्यजीव प्रेमियों ने उसे भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Tags - Tata Zoo Zoya Lioness Jamshedpur Wildlife Jharkhand