द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में बाघों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। यहां बाघिन सुनैना ने तीन शावकों को जन्म दिया है, जिनमें दो मादा और एक नर शावक शामिल हैं। पहली बार मां बनी सुनैना और बाघ रुद्र के शावकों के जन्म की जानकारी चिड़ियाघर प्रबंधन ने चिकित्सकीय निगरानी के बाद साझा की है। रुद्र को पहले नागपुर स्थित गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर से जमशेदपुर लाया गया था। तीन नए शावकों के जन्म से चिड़ियाघर में खुशी का माहौल है।

एक मादा शावक को लगी चोट, उपचार के बाद हालत में सुधार
चिड़ियाघर प्रबंधन के मुताबिक, एक मादा शावक को मां सुनैना से अनजाने में हल्की चोट लग गई थी। इसकी जानकारी मिलते ही पशु चिकित्सकों ने तत्काल प्राथमिक उपचार किया और घाव पर टांके लगाए। उपचार के बाद शावक की स्थिति में सुधार है और वह खतरे से बाहर है। वजन की बात करें तो चोटिल मादा शावक का वजन 1.8 किलोग्राम दर्ज किया गया है। वहीं, नर शावक का वजन 2.9 किलोग्राम और दूसरी मादा शावक का वजन 2.53 किलोग्राम है। प्रबंधन के अनुसार, दोनों अन्य शावक स्वस्थ और सक्रिय हैं।

19 अक्टूबर तक नाम भेज सकेंगे शहरवासी
तीनों नन्हे शावकों के नामकरण के लिए टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क प्रबंधन ने शहरवासियों से सुझाव मांगे हैं। इच्छुक लोग 19 अक्टूबर तक व्हाट्सएप या संदेश के माध्यम से मोबाइल नंबर 9438291637 पर तीनों शावकों के नाम भेज सकते हैं। इसके बाद चयन समिति प्राप्त सुझावों में से तीन सर्वश्रेष्ठ नामों का चयन करेगी। इस पहल के जरिए चिड़ियाघर प्रबंधन ने लोगों को नए मेहमानों के नामकरण से जोड़ने का प्रयास किया है।