सरायकेला-खरसावां
टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-33) पर चौका थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार एक युवक घायल हो गया। मृतक की पहचान चांडिल थाना क्षेत्र के बनिया बस्ती निवासी शुभम लायेक (19 वर्ष), पिता अनूप लायेक, के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। 
घटना की पूरी जानकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुभम लायेक मंगलवार देर रात चौका से अपने घर चांडिल लौट रहा था। इसी दौरान चौका थाना मुख्य द्वार के समीप उसकी बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शुभम का संतुलन बिगड़ गया और उसकी बाइक डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), चांडिल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद शुभम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया बुधवार को पूरी की जाएगी। हादसे की खबर मिलते ही बनिया बस्ती में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।
10 महीने पहले भी हुआ था गंभीर सड़क हादसे का शिकार
जानकारी के अनुसार, शुभम करीब 10 महीने पहले चांडिल न्यू बाईपास रोड (एनएच-18) स्थित भालूकोचा के पास हुए एक सड़क हादसे में भी गंभीर रूप से घायल हो गया था। लंबे समय तक कोलकाता में इलाज के बाद वह स्वस्थ होकर घर लौटा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, उसके इलाज में परिवार का काफी खर्च हुआ था, लेकिन किस्मत ने एक बार फिर सड़क हादसे में उसकी जान ले ली। चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। वर्ष 2026 में अब तक सड़क हादसों में 52 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार बढ़ती दुर्घटनाएं सड़क सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।