पश्चिमी सिंहभूम
हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के नुरदा टोला स्थित कुदापी में बीते कल टाटा मैजिक से बाइक की तकार में दो लोगों की मौत हो गई. मृतकों में विपिन सिंकु और विक्रम सिंकु शामिल है. हाटगम्हरिया थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टर्माटम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. वहीं भीम सिंह सिंकु गंभीर रूप से घायल है, जबकि चंद्र मोहन सिंकु को हल्की चोट आई है.
दरअसल, हाटगम्हरिया के मुंडा शाही में भाजपा नेत्री सुमन बिरुवा के घर पर आदिवासी हो समाज का पारंपरिक कार्यक्रम दुल सुनुम का आयोजन था. इसी दौरान चारों युवक एक हीरो एचएफ बाइक से शौच करने ब्लांडिया की ओर जा रहे थे. तभी विपरीत दिशा से आ रही एक टाटा मैजिक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि विपिन सिंकु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विक्रम सिंकु को इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल भीम सिंह सिंकु को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एजीएम अस्पताल रेफर किया गया है. थाना प्रभारी उत्तम तिवारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है.
