द फॉलोअप डेस्क
दक्षिण-पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में चांडिल-नीमडीह रेलखंड के बीच मालगाड़ी के पटरी से उतरने से कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया है। इस हादसे की कारण बीते रविवार को रांची और टाटानगर स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। कई यात्रियों को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी। इस घटना के कारण, कई ट्रेनों को पूरी तरह से रद्द कर दिया गया, जबकि कुछ ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया और कुछ को बीच में ही रोक दिया गया। टाटा-हटिया मेमू पैसेंजर को आज यानि सोमवार को रद्द कर दिया गया है। .jpeg)
इस दौरान, हावड़ा-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस को हावड़ा से एक घंटा विलंब से रवाना किया गया। वहीं रविवार को झाड़ग्राम-धनबाद, चक्रधरपुर-गोमो मेमू एक्सप्रेस और टाटा पटना वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी कई ट्रेनों को बंद रखा गया। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए, कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। इनमें पुरी-आनंद विहार एक्सप्रेस, दुर्ग-आरा एक्सप्रेस, हावड़ा-रांची वंदे भारत, हटिया-हावड़ा और आनंद विहार-पुरी जैसी ट्रेनें शामिल हैं, जिन्हें बदले हुए रूट से चलाया गया है।
इस दौरान हादसे के कारण कुछ ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट भी किया गया। धनबाद-टाटा सुवर्णरेखा एक्सप्रेस को आद्रा स्टेशन पर ही रोक दिया गया, जबकि टाटा-धनबाद सुवर्णरेखा एक्सप्रेस को आद्रा से ही शुरू किया गया। इसी तरह, बरकाकाना-टाटा मेमू का आंशिक समापन मुरी स्टेशन पर हुआ और टाटा-बरकाकाना मेमू को भी मुरी स्टेशन से ही रवाना किया गया। हालांकि, टाटा-जम्मू तवी एक्सप्रेस को पहले बदले हुए रूट से चलाने की सुचना थी, लेकिन बाद में ट्रैक ठीक होने के कारण उसे निर्धारित मार्ग से ही चलाया गया है।