द फॉलोअप डेस्क
पाकुड़ नगर परिषद के वार्ड पार्षदों की मतगणना पूरी हो गई है और सभी विजयी प्रत्याशियों को निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र वितरित कर दिया गया है। नगर परिषद में कुल 21 वार्ड हैं, जिनमें 89 प्रत्याशी मैदान में थे। वार्ड संख्या 19 से सबसे कम उम्र की प्रत्याशी तनु दास ने जीत दर्ज की है। उन्होंने पहली बार वार्ड पार्षद का चुनाव लड़ा और सफलता हासिल की। तनु दास ने अपनी जीत का श्रेय वार्ड की जनता को देते हुए कहा कि क्षेत्र में जो लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने विशेष रूप से पेयजल समस्या को दूर करने का आश्वासन दिया।

वहीं नगर परिषद अध्यक्ष पद पर शबरी पाल ने जीत हासिल की है। अध्यक्ष पद के लिए कुल 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे और यह पद महिला के लिए आरक्षित था। शबरी पाल, जो भारतीय जनता पार्टी की महिला जिला अध्यक्ष रह चुकी हैं, पार्टी से बागी होकर चुनाव मैदान में उतरी थीं। उन्होंने पहली बार चुनाव लड़ते हुए अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। इस चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित प्रत्याशी शेख सेलिना सुलताना दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी संपा साहा तीसरे स्थान पर रहीं। नवनिर्वाचित अध्यक्ष शबरी पाल ने कहा कि उनका सपना पाकुड़ को एक विकसित और आधुनिक शहर के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि नगर की सभी मूलभूत समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने अपनी जीत के लिए जनता का आभार व्यक्त करते हुए सभी को बधाई दी।