द फॉलोअप डेस्क
तमिलनाडु के कोयंबटूर में दर्ज 9600 करोड़ रुपये के घोटाले में बड़ा खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार, CB-CID की टीम ने झारखंड के गिरिडीह से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। बताते चलें कि, बीते सोमवार को जमुआ थाना क्षेत्र स्थित निजामगंज में पुलिस द्वारा छापेमारी की गई। जिसके बाद 41 साल के गुलशन कुमार दराद को हिरासत में लिया गया। जानकारी के मुताबिक, यह मामला जनवरी में कोयंबटूर में दर्ज हुआ था। जहां, CB-CID इस घोटाले की जांच कर रही थी। जांच के दौरान सुराग एक-एक करके खुलते चले गए और झारखंड स्थित गिरिडीह जिला का नाम सामने आया। जिसके बाद, तमिलनाडु CB-CID ने गिरिडीह के एसपी डॉ. विमल कुमार से संपर्क किया।
.jpeg)
उनके निर्देश पर एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस की टीम बनाई। जमुआ थाना प्रभारी के साथ मिलकर CB-CID की टीम ने आरोपी के घर पर छापा मारा और उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं, इस तरह से गुलशन की अचानक गिरफ्तारी से उसके परिवार वाले हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर कोयंबटूर ले जाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, गुलशन दराद कोयंबटूर में ही एक टूरिज्म कंपनी चलाता था। इसलिए जांच एजेंसियों को शक है कि इसी कंपनी के जरिए पैसों का गलत लेन-देन किया गया होगा।

हालांकि, शुरुआती जांच में करोड़ों रुपये के संदिग्ध ट्रांजैक्शन सामने आए हैं। यह भी आशंका व्यक्त की जा रही है कि इस मामले में गुलशन के अलावा और लोग भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। गौरतलब है कि इस घोटाले को हाल के वर्षों के बड़े आर्थिक अपराधों में गिना जा रहा है। वहीं, जांच एजेंसियां आरोपी के बैंक खातों, डिजिटल दस्तावेजों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं, ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।