logo

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का हजारीबाग में भव्य स्वागत, क्रिकेट प्रेमियों में दिखा उत्साह

ukntntu.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग आज झारखंड क्रिकेट के इतिहास के एक स्वर्णिम क्षण का साक्षी बना, जब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का भव्य और ऐतिहासिक स्वागत हजारीबाग जिला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से किया गया। यह वही ट्रॉफी है, जिसे झारखंड की टीम ने फाइनल मुकाबले में हरियाणा को पराजित कर पहली बार अपने नाम किया और पूरे राज्य को गर्व से भर दिया।

झारखंड टीम की यह जीत केवल एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, संघर्ष और प्रतिभा का परिणाम है। सीमित संसाधनों के बावजूद झारखंड के खिलाड़ियों ने देश की बड़ी-बड़ी टीमों को पीछे छोड़ते हुए साबित कर दिया कि जब जज़्बा मजबूत हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। ट्रॉफी के हजारीबाग पहुंचते ही शहर में उत्सव का माहौल बन गया। हजारीबाग चौक से लेकर हजारीबाग क्रिकेट ग्राउंड तक लोग तालियों और जयघोष के साथ इस ऐतिहासिक उपलब्धि का स्वागत करते दिखे। इसके बाद क्रिकेट ग्राउंड में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें ट्रॉफी को सम्मानपूर्वक प्रस्तुत किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने झारखंड टीम को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि झारखंड क्रिकेट अब राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान और नई ऊंचाइयों को छुएगा। एसोसिएशन ने कहा कि यह आयोजन केवल जीत का उत्सव नहीं है, बल्कि झारखंड के हर युवा खिलाड़ी के सपनों को नई उड़ान देने का संदेश है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी आज हजारीबाग में उस आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का प्रतीक बनी, जिसने झारखंड को देश के क्रिकेट मानचित्र पर मजबूती से स्थापित किया है।

Tags - Latest jharkhand News Jharkhand News Updates Latest Jharkhand News jharkhand News Updates latest Updates Jharkhand hazaribagh Updates latest hazaribagh news hazaribagh News hazaribagh news Updates latest hazaribagh News hazaribagh News Updates