logo

गोड्डा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने पति समेत 4 लोगों पर लगाया हत्या का आरोप

गोड्डा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने पति समेत 4 लोगों पर लगाया हत्या का आरोप

द फॉलोअप डेस्क, रांची

गोड्डा के महागामा की रहने वाली स्वीटी कुमारी की पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्द्धमान में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने उसकी मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के जीजा ने बताया कि उन्हें 8:40 बजे फोन कर सूचना दी गई कि उनकी साली ने छत से छलांग लगा दी है। उनका कहना है कि वह घटनास्थल के पास ही रहते थे, इसके बावजूद ससुराल वालों ने उन्हें घटना की जानकारी नहीं दी। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर स्वीटी छत से गिरती तो उसके शरीर पर चोट और खून के निशान होने चाहिए थे। जीजा के मुताबिक, घटना से एक रात पहले तक उनकी पत्नी की स्वीटी से बातचीत हुई थी। उन्होंने कहा कि स्वीटी जिंदा रहती तो घटना से जुड़ी पूरी सच्चाई सामने आ सकती थी। मायके वाले अब मामले की निष्पक्ष जांच और इंसाफ की मांग कर रहे हैं।

पिता बोले- बेटी को बंदिश में रखा जाता था

मृतका के पिता चितरंजन प्रसाद जायसवाल ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2024 में पूर्व बर्द्धमान के कांटापुकुर, दुर्गा मंदिर के पास रहने वाले कन्हैया भगत से हुई थी। उनकी बेटी का करीब सात महीने का बच्चा भी है। पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही स्वीटी को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था और उसे मायके जाने की इजाजत नहीं दी जाती थी। उन्होंने बताया कि ससुराल में तीन मंजिला मकान होने के बावजूद उनकी बेटी को झोपड़ी में रखा जाता था। पिता के मुताबिक, स्वीटी के हाथ पर दागने का निशान भी था और उसके साथ मारपीट की जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को मारपीट के बाद छत से धक्का दिया गया है। पिता ने कहा कि उन्हें फोन पर बेटी के छत से छलांग लगाने की बात बताई गई, लेकिन वह रास्ते में ही थे, तभी बेटी की मौत की सूचना मिल गई।

पति समेत चार लोगों पर हत्या का आरोप

चितरंजन प्रसाद जायसवाल ने स्वीटी की मौत के लिए उसके पति कन्हैया भगत समेत ससुराल के चार लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। आरोपियों में पति कन्हैया भगत, उसका बड़ा भाई संतोष भगत, मां सुशीला भगत और भाभी पूजा भगत के नाम शामिल हैं। मायके वालों का आरोप है कि इन सभी की भूमिका स्वीटी के साथ कथित मारपीट और प्रताड़ना में रही है। परिवार का कहना है कि स्वीटी को शादी के बाद से कई तरह की बंदिशों में रखा जाता था और उसे मायके वालों से भी दूर रखने की कोशिश की जाती थी। मृतका का मायका महागामा, जिला गोड्डा, झारखंड में है, जबकि उसका ससुराल कांटापुकुर, दुर्गा मंदिर के पास, पूर्व बर्द्धमान, पश्चिम बंगाल में बताया गया है। परिवार ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और स्वीटी को इंसाफ दिलाने की मांग की है।

Tags - Godda Sweety Kumari Purba Bardhaman Murder Case Jharkhand