जमशेदपुर
एक निवेश में करीब पांच लाख रुपये वापस मिलने के बाद बढ़े भरोसे पर एक परिवार की तीन महिलाओं ने म्यूचुअल फंड में करीब नौ लाख रुपये लगाये। उन्हें 15 प्रतिशत तक रिटर्न और पांच साल में रकम दोगुनी करने का भरोसा दिया गया था। अब निवेश की रकम के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने पर परिवार ने सिदगोड़ा थाना में संतोष कुमार नामक एक व्यक्ति के खिलाफ शिकायत की है। पीड़ितों ने निवेश के नाम पर रकम लेकर ठगी किये जाने की आशंका जतायी है। मामला जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के आकाशदीप प्लाजा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के पास का है। पुलिस को दिये आवेदन के अनुसार, परिवार की तीन महिलाओं ने मिलकर करीब नौ लाख रुपये निवेश किये थे। इनमें एक महिला ने आठ लाख रुपये, पूजा देवी ने 50 हजार रुपये और सोनी देवी ने 50 हजार रुपये लगाये थे। पीड़िता के अनुसार, वह करीब 10 वर्षों से संतोष कुमार के संपर्क में थी। इससे पहले भी उसके माध्यम से निवेश किया गया था।
.jpeg)
करीब 50 लोगों की बड़ी रकम भी इस तरह फंसी
उस निवेश में करीब पांच लाख रुपये वापस मिले थे। इसी पुराने लेन-देन और भरोसे के आधार पर परिवार की महिलाओं ने दोबारा बड़ी रकम निवेश की। आरोप है कि संतोष कुमार ने निवेश पर करीब 15 प्रतिशत रिटर्न देने और पांच साल में रकम दोगुनी होने का भरोसा दिया था। लेकिन अब निवेश की रकम के संबंध में जानकारी मांगने पर संतोष कुमार की ओर से स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है। इसके बाद परिवार को निवेश के नाम पर ठगी किये जाने की आशंका हुई। पीड़ित परिवार का दावा है कि सिर्फ उनकी रकम ही नहीं, बल्कि करीब 50 लोगों की बड़ी रकम भी इस तरह फंसी हुई है। कुछ अन्य लोगों ने भी मामले को लेकर सिदगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने संभावित अन्य पीड़ितों से भी लिखित शिकायत देने को कहा है, ताकि शिकायतों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा सके और आगे की कार्रवाई की जा सके।
