द फॉलोअप डेस्क
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में हुए सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामले को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने एक वीडियो साझा किया है जिसमें बोरिया प्रखंड के स्कूली बच्चे हाथों में तख्तियाँ लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। वीडियो में साफ दिखता है कि कैसे मासूम बच्चे अपनी टूटती आवाज़ में सूर्या हांसदा के लिए इंसाफ की पुकार कर रहे हैं।
बाबूलाल ने ट्वीट में लिखा, "न्याय मांग रहे इन बच्चों का दर्द समझ पाना आसान नहीं है। सूर्या हांसदा बोरिया के इन बच्चों का भविष्य बेहतर बनाने के लिए काम कर रहे थे। उनकी शिक्षा में योगदान दे रहे थे। क्या यही उनका अपराध था? क्या इसी वजह से एनकाउंटर की आड़ में उनकी हत्या कर दी गई?"
.jpeg)
मरांडी ने सरकार से सवाल किया कि क्या अब समाज के लिए काम करना, खासकर आदिवासी बच्चों के लिए शिक्षा और उत्थान की दिशा में कदम उठाना, अपराध बन चुका है?
उन्होंने आगे कहा, "सूर्या हांसदा के साथ इन बच्चों के भविष्य को भी न्याय दिलाना हम सबकी ज़िम्मेदारी है। और यह ज़िम्मेदारी पूरी होने तक, सूर्या हांसदा के गुनहगारों को सज़ा मिलने तक हम चुप नहीं बैठेंगे। ताकि भविष्य में फिर कभी इन बच्चों को ऐसी तख़्तियाँ न उठानी पड़ें।" बाबूलाल मरांडी का यह बयान ऐसे समय आया है जब एनकाउंटर को लेकर राज्यभर में सवाल उठाए जा रहे हैं। .jpg)
बीजेपी ने कहा है कि सूर्या हांसदा बोरिया प्रखंड के एक सामाजिक कार्यकर्ता थे, जो वर्षों से आदिवासी बच्चों की शिक्षा और अधिकारों को लेकर काम कर रहे थे। कुछ दिन पहले पुलिस मुठभेड़ में उनकी मौत हो गई, जिसे लेकर कई लोगों ने इसे 'फर्जी एनकाउंटर' बताया है।
बाबूलाल मरांडी का यह वीडियो और बयान अब राजनीतिक गलियारों में नई हलचल पैदा कर सकता है। सरकार की ओर से अब तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
