logo

JMM : सुप्रियो भट्टाचार्य ने 130वें संविधान संशोधन विधेयक को बताया लोकतंत्र पर हमला

JMM01232.jpg

रांची 
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय महासचिव और प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने 130वें संविधान संशोधन विधेयक पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला करार दिया। उन्होंने इस विधेयक को "लोकतंत्र का अंत" बताते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में बने रहने के लिए ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग जैसे संस्थानों का दुरुपयोग कर रही है।
भट्टाचार्य का कहना है कि बिहार सहित कई राज्यों में चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताओं के बाद अब भाजपा ने विपक्षी नेताओं को जेल में डालने और उन्हें 30 दिनों तक कैद में रखने की योजना बनाई है, जिससे उनका राजनीतिक सफर खत्म हो सके। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को मिली 240 लोकसभा सीटों में से करीब 100 सीटें ‘चोरी’ की गई हैं और वास्तविक जनसमर्थन सिर्फ 140 सीटों पर है।


उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लगातार विपक्ष को दबाने और खत्म करने की कोशिश में नई रणनीतियाँ अपना रही है। संसद में सरकार की ओर से दिए गए जवाब का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि अब तक 1729 विपक्षी नेताओं पर ईडी और सीबीआई की कार्रवाई हुई है, जिनमें सिर्फ दो को दोषी ठहराया गया — और दोनों झारखंड से हैं।
JMM नेता ने भाजपा पर भ्रष्टाचार और अनैतिक आचरण को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जैसे ही कोई नेता भाजपा में शामिल होता है, उसे 'पवित्र' मान लिया जाता है। भट्टाचार्य ने यह भी कहा कि झारखंड से उठी विरोध की लहर ने भाजपा को हिला दिया है और अब यह लहर बिहार, बंगाल और उत्तर प्रदेश होते हुए पूरे देश में भाजपा को टक्कर देगी।
भट्टाचार्य ने ऐलान किया कि इस संविधान संशोधन के विरोध में झामुमो राज्यभर में केंद्र सरकार के खिलाफ पुतला दहन करेगा और चरणबद्ध जनआंदोलन शुरू करेगा।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest