द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले में अंधविश्वास ने एक बार फिर एक मासूम की जान ले ली। एक तीन वर्षीय बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए वार्ड पार्षद सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला बारडीहा थाना क्षेत्र का है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें शक था कि मृतक बच्चे के पिता ने तंत्र-मंत्र के जरिए उनकी मां को नुकसान पहुंचाया था, जिससे उनकी मौत हो गई। आरोपी की मां की कुछ वर्ष पूर्व लंबी बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी, लेकिन परिजनों को यह भ्रम था कि उसकी मौत जादू-टोने की वजह से हुई है। इसी संदेह और बदले की भावना में उन्होंने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
योजना के तहत वार्ड पार्षद ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर बच्चे का अपहरण किया और उसके खाने में सल्फास मिलाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर में छिपाकर रखा गया और देर रात सुनसान होने पर उसे खेत में फेंक दिया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की मांग पर जब डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची तो खोजी कुत्ता सीधे आरोपी के घर तक जा पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने बिना देरी किए एक आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में मामले का खुलासा हुआ और उसकी निशानदेही पर दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के घर से सल्फास की बची हुई गोलियां भी बरामद की हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।
.jpeg)