logo

छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद राहुल-प्रियंका गांधी से मिले सुखदेव भगत

छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद राहुल-प्रियंका गांधी से मिले सुखदेव भगत

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड के लोहरदगा से कांग्रेस पार्टी के सांसद सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किया गया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमिटी का प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद सुखदेव भगत ने दिल्ली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की और छत्तीसगढ़ का दायित्व सौंपे जाने पर उनका आभार जताया। सुखदेव भगत ने प्रियंका गांधी संग मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए इस जिम्मेदारी को दायित्व से बढ़कर, छत्तीसगढ़ की जनता और कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं के प्रति सेवा, संघर्ष और संकल्प का अवसर करार दिया। 

 

2005 में सक्रिय राजनीति में रखा था कदम
गौरतलब है कि प्रशासनिक अधिकारी रह चुके सुखदेव भगत ने वर्ष 2005 में नौकरी से वीआरएस लेकर राजनीति में प्रवेश किया। 2005 में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर लोहरदगा विधानसभा सीट से चुनाव लड़े और विधायक निर्वाचित हुए। 2009 और 2014 में वह इस सीट पर चुनाव हारे। 2013 में उनको झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी का अध्यक्ष बनाया गया और वह 2017 तक इस पद पर बने रहे।  2015 में तात्कालीन विधायक कमल किशोर भगत के निधन से खाली हुई लोहरदगा सीट पर हुए उपचुनाव में सुखदेव भगत ने जीत हासिल की थी।

2019 के झारखंड विधानसभा चुनावों से पहले सुखदेव भगत भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। लोहरदगा में कमल निशान पर चुनाव लड़े, लेकिन कांग्रेस के डॉ. रामेश्वर उरांव से चुनाव हार गये।

2022 में सुखदेव भगत ने कांग्रेस में वापसी की। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें लोहरदगा सीट पर उम्मीदवार बनाया गया। वे भाजपा के समीर उरांव को हराकर पहली बार सांसद बने। 

सुखदेव भगत ने बतौर प्रभारी प्राथमिकता बताई
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमिटी का प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद सुखदेव भगत ने विश्वास जताया है कि सामूहिक नेतृत्व, मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत के साथ छत्तीसगढ़ कांग्रेस को और मजबूत बनाने में कामयाबी मिलेगी। सुखदेव भगत ने उम्मीद जताई है कि कांग्रेस, छत्तीसगढञ में जनविश्वास के साथ सत्ता में वापसी करेगी। सुखदेव भगत ने बताया कि किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और समाज के सभी तबकों के अधिकार, सम्मान और न्याय के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ काम करना ही उनकी प्राथमिकता होगी। 

राहुल गांधी से मिलकर सुखदेव भगत ने क्या कहा
पार्टी संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद सुखदेव भगत ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से भी मुलाकात की। राहुल गांधी से मुलाकात के बाद सुखदेव भगत ने लिखा कि जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ संगठन के प्रति बड़ी जवाबदेही है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत, मजबूत संगठन और जनता के विश्वास के बल पर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सत्ता में वापसी का संकल्प पूरा किया जा सकेगा। 

 

Tags - Sukhdeo BhagatRahul GandhiChhattisgarh Congress In ChargePriyanka Gandhi