जामताड़ा
झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की जामताड़ा में पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद मंगलवार को उसका शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया। कागजी और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सुजीत सिन्हा के बड़े भाई अरुण सिन्हा ने शव को रिसीव किया। इसके बाद वे अंतिम संस्कार के लिए शव को अपने पैतृक गांव ले गए। इस दौरान गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के बड़े भाई के अलावा उसकी सास उषा देवी और साला आयुष कुमार समेत परिवार के अन्य लोग भी मौजूद रहे।

पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से मौत
वहीं जामताड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि सभी आवश्यक और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद ही शव परिजनों को सुपुर्द किया गया है। गौरतलब है कि रविवार देर रात साहिबगंज जेल से धनबाद जेल शिफ्टिंग के दौरान जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपायडीह गांव के पास सुजीत सिन्हा ने भागने की कोशिश की थी। उसने पुलिस जवान की राइफल छीनकर भागने का प्रयास किया, जिसके बाद हुई पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से उसकी मौत हो गई थी।
