logo

अच्छी खबर : सुजीत मुंडा को कल मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा खेल रत्न से किया जाएगा सम्मानित

sujit_munda3.jpg

रांची:
झारखंड की शान सुजीत मुंडा (Sujit Munda) को मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा खेल रत्न अवार्ड (Marang Gomke Jaipal Singh Munda Khel Ratna Award) से सम्मानित किया जाएगा। 3 जनवरी यानि कल मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की 120 वीं जयंती पर उन्हें यह अवार्ड मिलेगा। यह सम्मान उम्मीद फाउंडेशन की ओर से दिया जायेगा। ब्लाइंड T20 विश्वकप 2022 जीतने वाली टीम में सुजीत मुंडा का काफी योगदान रहा है। टूर्नामेंट में सुजीत ने 5 मैचों में कुल 4 मैच खेला था। जिनमें उन्होंने अपने टीम के खाते में 2 विकेट जोड़े। वहीं 2 मैचों में सुजीत अपने बल्ले से भी जादू करते भी दिखे थे। 2 मैच में बल्लेबाजी करने उतरे सुजीत ने टीम के खाते में 28 रन जोड़े थे। सुजीत के इस धमाकेदार प्रदर्शन से पूरे झारखंड का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है।


कार्यक्रम की पूरी जानकारी
इस कार्यक्रम का आयोजन रांची के कांके रोड स्थित CMPDI के मयूरी सभागार में 2 बजे से होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा के पुत्र जयंत जयपाल सिंह मुंडा, हॉकी इंडिया के भोलानाथ सिंह, झारखंड के चैंबर के अध्यक्ष और लोक कलाकार नंदलाल नायक आदि हैं। बता दें कि खेल के साथ-साथ साहित्य, सिनेमा, पत्रकारिता, सामाजिक समेत अन्य क्षेत्र के विभूतियों को इस सम्मान से सम्मानित किया जाता है। यह जानकारी उम्मीद फाउंडेशन के रितेश उरांव और प्रदीप मिर्धा ने दी।


इन लोगों को मिलेगा पुरस्कार
रितेश उरांव ने सम्मानित होने वाले लोगों की सूची को साझा करते हुए कहा कि इसमें इंडियन ब्लाइंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ी सुजीत मुंडा के आलावा मनोहर टोपनो, मोनालिसा पहाड़िया, नीतू लिंडा, अंजलि मुंडा, गीता खलखो, सुब्बालक्ष्मी शर्मा, अंसुता लकड़ा, फरीद खान, महेश तिर्की, लवली चौबे, मनोज यादव, विनोद सिंह, प्रियंका केरकेट्टा, हरेंद्र सिंह, मंगल मिंज अन्य शामिल हैं। यह जानकारी उम्मीद फाउंडेशन के रितेश उरांव और प्रदीप मिर्धा ने दी।

सीएम ने घर और जमीन देने का भरोसा दिया
ब्लाइंड T20 विश्वकप खेलने जा रहे सुजीत ने सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की थी। जिसमें सीएम ने उन्हें हरसंभव सहायता देने का वादा किया था। इसके साथ ही सीएम ने रांची में जमीन और उसी जमीन पर घर का भरोसा दिया था। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि राज्य सरकार उनके बच्चों के पढ़ाई का खर्चा उठाएगी। बता दें कि सुजीत रांची के धुर्वा इलाके में झोपड़ी में रहता है और मजदूरी कर घर चलाता है। सुजीत का झुकाव बचपन से खेल की ओर था। खेलने की जिद ने उन्हें इस मुकाम पर पहुंचाया है।