द फॉलोअप डेस्क
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एनडीए की उच्च स्तरीय बैठक में आजसू पार्टी प्रमुख और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाने पर बधाई दी और उन्हें भगवान बिरसा मुंडा का चित्र भेंट किया। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और गठबंधन दलों के प्रमुख नेता मौजूद रहे। बैठक में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सुदेश महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं, जिसके साथ वह स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दृढ़ नेतृत्व, अथक परिश्रम, जन-विश्वास और राष्ट्र के प्रति समर्पण के कारण भारत ने विकास, सुशासन, वैश्विक प्रतिष्ठा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। सुदेश महतो ने प्रधानमंत्री को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन तथा राष्ट्र निर्माण के अभियान की निरंतर सफलता की कामना की।
