द फॉलोअप, रांची
आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने JPSC-JSSC से जुड़े कथित घोटालों और छात्र आंदोलन को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केवल कुछ गिरफ्तारियों और जांच से इस पूरे मामले का समाधान नहीं होगा। सरकार को यह बताना चाहिए कि अब तक CID ने कितने मामलों का निष्पादन किया है और जांच की वास्तविक स्थिति क्या है।

दोषी अधिकारियों की बर्खास्तगी पर जोर
सुदेश महतो ने कहा कि यह मामला केवल पूर्व JPSC अध्यक्ष एल. ख्यांगते तक सीमित नहीं है बल्कि पूरे सिस्टम की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े सभी दोषी अधिकारियों को बर्खास्त किया जाए ताकि भविष्य में निष्पक्ष और पारदर्शी नियुक्तियां सुनिश्चित हो सकें।
उन्होंने सवाल उठाया कि आने वाली सरकारी नियुक्तियां निष्पक्ष तरीके से कैसे होंगी इसका स्पष्ट रोडमैप सरकार को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का आंदोलन पूरी तरह न्यायसंगत है, लेकिन हैरानी की बात है कि अब तक राज्य सरकार ने इस आंदोलन पर प्रत्यक्ष रूप से कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है।

ऑनलाइन सदस्यता अभियान शुरू
सुदेश महतो ने कहा आजसू पार्टी छात्रों की इस लड़ाई में निर्णायक भूमिका निभाएगी और उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। इस दौरान उन्होंने युवा आजसू के ऑनलाइन सदस्यता अभियान की भी शुरुआत की। उन्होंने बताया कि पहले अधिवेशन तक झारखंड में 10 हजार नए युवा नेताओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान के तहत ऑनलाइन सदस्यता शुरू कर दी गई है जिसमें हर्ष मेहता और आकाश ने सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी पंचायत, नगर पंचायत, नगर परिषद और नगर निगम क्षेत्रों में संगठन की इकाइयों का गठन किया जाएगा, ताकि युवाओं को संगठन से व्यापक स्तर पर जोड़ा जा सके।