logo

झारखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सुदेश महतो का सरकार पर हमला, कई घटनाओं का किया जिक्र

sudesh41.jpg

द फॉलोअप डेस्क
आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने झारखंड की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और आम जनता के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है। सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड में भय, अराजकता और असुरक्षा का माहौल बन गया है। उनका आरोप है कि सरकार और पुलिस-प्रशासन अपराध नियंत्रण के बजाय बालू, कोयला और जमीन से जुड़े मामलों में अधिक व्यस्त हैं, जिसके कारण अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

सूचना के बावजूद समय पर नहीं पहुंची पुलिस 
सुदेश महतो ने कहा बुधवार रात कोडरमा विधायक नीरा यादव के निजी वाहन चालक की हत्या का ज़िक्र करते हुए कहा कि विधायक द्वारा घटना से तीन घंटे पहले मारपीट की सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस समय पर सक्रिय नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधियों की सूचना को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।

भाजपा नेता कमलेश राम के भांजे की हत्या पर सवाल 
सुदेश महतो ने राजधानी रांची के रातू क्षेत्र में हुई एक और हत्या का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि भाजपा नेता कमलेश राम के भांजे की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उनके अनुसार ऐसी लगातार हो रही घटनाएं राज्य की बदहाल कानून-व्यवस्था को उजागर करती हैं।उन्होंने यह भी कहा कि राजधानी के एक होटल व्यवसायी से अपराधियों द्वारा 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है और जान से मारने की धमकी दी गई है, जिससे व्यापारियों में भी भय का माहौल है।

अवैध कोयला खनन के विरोध पर आजसू नेत्री पर जानलेवा हमला 

धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र के बांसजोड़ा में अवैध कोयला खनन का विरोध करने पर आजसू नेत्री रजनी रवानी हीरालाल महतो और प्रदीप महतो पर कथित रूप से कोयला माफियाओं द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगाते हुए सुदेश महतो ने कहा कि विडंबना यह है कि पीड़ितों को ही झूठे मुकदमों में फंसाकर गिरफ्तार किया गया।

सुदेश महतो ने कहा कि राज्य की वर्तमान स्थिति यह दर्शाती है कि सरकार और प्रशासन कोयला, बालू, गिट्टी और जमीन माफियाओं के सामने बेबस नजर आ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार जनता के हित में काम कर रही है या माफियाओं के संरक्षण के लिए। अंत में उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता को भय, माफियाराज और अराजकता नहीं, बल्कि सुरक्षा, न्याय और सुशासन चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से कानून-व्यवस्था में तत्काल सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
 

Tags - Jharkhand Law and OrderSudesh MahtoCrime and Public SafetyHemant Soren GovernmentJharkhand Politics