logo

सुभाष उर्फ टैक्सी गिरोह का पर्दाफाश, गृहभेदन मास्टरमाइंड समेत 3 गिरफ्तार, भारी मात्रा में गहने बरामद

srbtdryti.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सुभाष चंद्र बोस उर्फ़ टैक्सी यह नाम गृहभेदन की घटनाओं को अंजाम देने वाले मास्टरमाइंड का है. जो पिछले कई महीनों से हजारीबाग जिले के अलग–अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहा था। हर गिरफ्तारी के बाद वह “माता–पिता नहीं हैं” की दया–अपील कर कानून की सख्ती से बच जाता था। इसी कमजोरी को ढाल बनाकर वह लगातार चोरी की घटनाओं में शामिल रहता और फिर बाहर आकर नए साथियों को जोड़कर गिरोह खड़ा कर लेता था। 
गृहभेदन की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कटकमदाग पुलिस ने एक संगठित चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। बता दें सुभाष उर्फ़ टैक्सी पर पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। 22 नवंबर को विष्णुपुरी गली नंबर–15 में दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी ने पुलिस को और सक्रिय कर दिया था। घर का ताला तोड़कर सोना–चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए गए थे। इस घटना के बाद कटकमदाग थाना में मामला दर्ज होने पर एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें तकनीकी और मानव खुफिया दोनों स्तर पर तेजी से जांच शुरू हुई। जांच के दौरान पुलिस को 28 नवंबर को गुप्त सूचना मिली कि सुभाष उर्फ़ टैक्सी विष्णुपुरी गली नंबर–4 में फिर से चोरी की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में टैक्सी ने न सिर्फ इस घटना को कबूल किया, बल्कि कटकमदाग, सदर और लोहसिंघना थाना क्षेत्र में कई अन्य चोरी की वारदातों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
सुभाष उर्फ़ टैक्सी की निशानदेही पर पुलिस ने पहले से दर्ज कई मामलों में चोरी हुए सामानों की बरामदगी की। इसके अलावा टैक्सी के गिरोह में शामिल दो अन्य सदस्य भोला प्रसाद सोनी और अमित दुबे को भी गिरफ्तार किया गया। यह वही लोग थे जिनके साथ मिलकर सुभाष योजनाबद्ध तरीके से चोरी को अंजाम देता था। पुलिस ने तीनों आरोपियों के पास से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। इसमें 54.5 ग्राम सोना, सैकड़ों ग्राम चांदी के गहने, 577 ग्राम आर्टिफिशियल ज्वेलरी, लैपटॉप, इन्वर्टर, होम थिएटर और ज्वेलरी गलाने का सामान शामिल है। यह बरामदगी साबित करती है कि टैक्सी लंबे समय से लगातार घटनाओं को अंजाम देकर चोरी के सामान को बेचने की तैयारी करता था।
पूछताछ में सुभाष उर्फ़ टैक्सी ने स्वीकार किया कि उसने कटकमदाग में 4, लोहसिंघना में 2 और सदर थाना क्षेत्र में 4 चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इन मामलों के अलावा भी वह जिले के अन्य मामलों  में शामिल रहा है। कटकमदाग पुलिस के लिए यह कार्रवाई एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस का कहना है कि टैक्सी जैसे शातिर चोरों के पकड़े जाने से चोरी की घटनाओं में बड़ी कमी आएगी और चोरी के नेटवर्क को तोड़ने में यह गिरफ्तारी अहम साबित होगी।


 

Tags - Latest Jharkhand News Jharkhand news updates jharkhand updates latest jharkhand news Jharkhand News in hindi latest jharkhand News Hazaribagh News Updates latest Hazaribagh News Hazaribagh News updates Hazaribagh News Hazaribagh News in Hindi l