logo

10 हजार स्कूली छात्रों ने PM को लिखा पोस्टकार्ड, कहा- बोकारो स्टील प्लांट का विस्तारीकरण शुरू करे मोदी सरकार

bokaro00.jpg

बोकारो 
बोकारो स्टील प्लांट के लंबे समय से स्थगित विस्तारीकरण और बोकारो जनरल अस्पताल को सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल बनाने की मांग अब छात्रों की आवाज बन चुकी है। इसी मांग को लेकर बोकारो के करीब दस हजार स्कूली छात्रों ने प्रधानमंत्री को पोस्टकार्ड लिखकर केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की अपील की है।
यह पहल अभियान संयोजक कुमार अमित के नेतृत्व में की गई है, जिसके तहत बोकारो के दिल्ली पब्लिक स्कूल, चिन्मया विद्यालय, डीएवी, अयप्पा स्कूल, बोकारो पब्लिक स्कूल सहित निजी और सरकारी स्कूलों के दसवीं, ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा के छात्रों ने भाग लिया। सभी छात्रों ने पोस्टकार्ड के माध्यम से बीएसएल विस्तारीकरण को धरातल पर उतारने और बीजीएच को सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल बनाने की मांग रखी है।


कुमार अमित ने बताया कि यह अभियान कई महीनों से महाहस्ताक्षर अभियान के रूप में चल रहा है। उन्होंने कहा कि उच्च माध्यमिक कक्षा में पढ़ने वाले ये छात्र आने वाले वर्षों में रोजगार की तलाश में होंगे और अगर बोकारो स्टील प्लांट का विस्तार होता है, तो इन छात्रों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। उन्होंने स्कूल प्रबंधन की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि इस अभियान में डॉ. राधाकृष्णन सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स बोकारो के अध्यक्ष सूरज शर्मा, डीपीएस के प्रिंसिपल डॉ. ए.एस. गंगवार सहित कई स्कूल प्रबंधकों ने सहयोग किया।
कुमार अमित के अनुसार, अब तक इस अभियान के तहत लगभग 40 हजार लोग प्रधानमंत्री को पोस्टकार्ड लिख चुके हैं। बोकारो वासियों को उम्मीद है कि केंद्र सरकार इस सामूहिक अपील पर गंभीरता से विचार करेगी और बीएसएल विस्तारीकरण के साथ-साथ बोकारो जनरल अस्पताल को सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।


 

Tags - Bokaro BSL Expansion Students Hospital