द फॉलोअप डेस्क, रांची:
JSSC-JPSC अभ्यर्थी न्याय मंच ने आज आंदोलन समाप्ति की घोषणा कर दी। 26 दिन तक चले छात्र आंदोलन के बीच हेमंत सोरेन सरकार ने वर्ष 2010 से अब तक हुई करीब 22 भर्ती परीक्षाओं को रद्द कर दिया। 17 परीक्षाओं की CID जांच की घोषणा की गई और 6 परीक्षाओं को मौजूदा CID जांच के पूरा होने तक स्थगित रखा गया है। आंदोलन की समाप्ति के बाद आज छात्रनेता देवेंद्रनाथ महतो के नेतृत्व में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से लेकर अल्बर्ट एक्का चौक तक आभार यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने आभार यात्रा में शामिल होकर अबीर-गुलाल खेलकर आतिशबाजी की और अपनी खुशी प्रकट की।
#WATCH रांची, झारखंड: छात्र आंदोलन की जीत और JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने के झारखंड सरकार के फैसले के बाद छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो जश्न में शामिल हुए। pic.twitter.com/yI2eN69oZT
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 19, 2026
शहीदों की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित किया
आभार यात्रा के दौरान जयपाल सिंह मुंडा और शहीद अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। छात्रों ने इस दौरान झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार जताया। छात्रों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और नौकरियों की खरीद-फरोख्त जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। छात्रों ने कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष हो। छात्रों ने कहा कि हम इससे ज्यादा कुछ नहीं चाहते।

44 दिन लंबे संघर्ष के बाद छात्रों को मिली जीत
हेमंत सरकार द्वारा 22 परीक्षाओं को रद्द करने, 17 परीक्षाओं की जांच कराने और 6 परीक्षाओं को फिलहाल स्थगित करने के फैसले को छात्रों ने झारखंड में आंदोलन की ऐतिहासिक जीत बताया। छात्रों ने कहा कि सफलता के पीछे 2 जुलाई से 47 दिनों का लंबा संघर्ष, 5 जुलाई से 44 दिनों का आंदोलन, 25 जुलाई से 24 दिनों का सत्याग्रह और 2 अगस्त से 16 दिनों की भूख हड़ताल की बड़ी भूमिका रही। गौरतलब है कि छात्रनेता देवेंद्रनाथ महतो के अलावा छात्रा उम्मे हबीबा और राहुल ने भी अनशन किया था।
हमारे Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक कीजिए
https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N