गांडेय/गिरिडीह:
विरोध प्रदर्शन और हंगामे की यह तस्वीर गिरिडीह के गांडेय में प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय अहिल्यापुर की है। छात्रों ने नई स्कूल बिल्डिंग की दूसरी मंजिल की छत की ढलाई में गड़बड़ी का आरोप लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। सोमवार को स्कूल के विद्यार्थियों, एसएमसी मेंबर्स और ग्रामीणों ने अहिल्यापुर थाना गेट के सामने सड़क जाम करके विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
रविवार को छत ढलाई पर भड़क गए ग्रामीण
प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि रविवार को निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत पर ग्रामीणों ने छत ढलाई का काम रुकवा दिया था। इससे पहले डीसी को आवेदन देकर जांच की मांग की गई थी। आरोप है कि जांच पूरी किए बिना रविवार को दोबारा छत ढलाई का काम शुरू कराया गया। बच्चों ने आरोप लगाया कि घटिया निर्माण का विरोध करने के दौरान पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बुरा बर्ताव किया।

अधिकारियों ने बच्चों और ग्रामीणों को शांत कराया
हंगामे और विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव और अहिल्यापुर थाने के इंस्पेक्टर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।