जमशेदपुर
राज्य विश्वविद्यालयों में लागू होने जा रहे क्लस्टर सिस्टम के विरोध में शुक्रवार को जमशेदपुर के ग्रेजुएट कॉलेज में छात्रों ने प्रदर्शन किया. नेशनल सेमिनार में शामिल होने पहुंचे उच्च शिक्षा सचिव राहुल पुरवार को छात्रों ने कॉलेज गेट पर घेर लिया और जमकर नारेबाजी की. छात्रों का आरोप था कि क्लस्टर सिस्टम से पढ़ाई प्रभावित होगी और उन्हें बीच सत्र में दूसरे कॉलेजों का चक्कर लगाना पड़ सकता है. विरोध बढ़ने पर राहुल पुरवार छात्रों के बीच पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया. उन्होंने कहा कि वर्तमान सत्र के छात्रों का कॉलेज नहीं बदलेगा तथा जरूरत पड़ने पर शिक्षक संबंधित कॉलेज में जाकर पढ़ायेंगे. उन्होंने बताया कि क्लस्टर सिस्टम नये एडमिशन के साथ लागू होगा और इसका उद्देश्य स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देना है. सचिव ने छात्रों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन भी दिया. करीब 30 मिनट तक चले विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई. छात्रों ने कहा कि मांगें नहीं मानी गयी तो आंदोलन तेज किया जायेगा.
