नंदलाल तुरी
पाकुड़ सदर प्रखंड के किताझोर स्थित अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय में पढ़ रहे छात्रों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि न तो उन्हें गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलता है और न ही विद्यालय की ओर से दी जाने वाली विशेष सुविधाओं का लाभ दिया जाता है। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय में उनके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया जाता है। शिकायत करने पर उन्हें डांट-फटकार लगाई जाती है और कई बार नशे की हालत में भी स्टाफ की ओर से मारपीट की जाती है। सूचना मिलते ही नगर परिषद पदाधिकारी और पाकुड़ सीओ विद्यालय पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर पूरी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्रों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच के लिए नगर परिषद पदाधिकारी और सीओ ने स्वयं भोजन खाकर उसकी स्थिति का आकलन किया। वहीं, सूचना मिलने पर अंबेडकर विचार मंच के संयोजक सुजीत विद्यार्थी भी विद्यालय पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बात की और विद्यालय प्रबंधन से किसी भी प्रकार का अमानवीय व्यवहार न करने की अपील की। जांच कर रहे अधिकारियों ने बताया कि बच्चों के साथ मारपीट और गुणवत्ताहीन भोजन की शिकायतों की पुष्टि के लिए जांच की गई है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय कल्याण विभाग द्वारा संचालित है और इसके संचालन की जिम्मेदारी एक एनजीओ को सौंपी गई है।
