जामताड़ा:
JPSC, JSSC एवं CGL REFORM मंच के आह्वान पर रविवार को जामताड़ा के बिनोद बिहारी महतो चौक (बड़जोड़ा) में छात्रों, युवाओं और JLKM कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राहुल गांधी का पुतला दहन किया तथा जमकर नारेबाजी की। छात्रों का कहना है कि JPSC और JSSC-CGL जैसी परीक्षाओं से लाखों युवाओं का भविष्य जुड़ा है। परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी या अनियमितता की आशंका अभ्यर्थियों में भारी अविश्वास पैदा करती है। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने की मांग की।

आंदोलनरत छात्रों की मांगें क्या हैं!
प्रदर्शनकारी छात्रों ने 14वीं JPSC मामले में गिरफ्तार अभय तिवारी से जुड़े आरोपों को उच्चस्तरीय और स्वतंत्र जांच की मांग की। छात्रों ने प्रश्नपत्र, उत्तर-पुस्तिका, परिणाम और संबंधित संस्थाओं की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की CBI जांच कराने का आग्रह किया। कहा कि यदि जांच में गंभीर अनियमितता प्रमाणित होती है, तो संबंधित परीक्षा को रद्द कर दोबारा पारदर्शी तरीके से आयोजित कराने की मांग की गई। आंदोलनरत संलिप्त व्यक्तियों या संस्थाओं पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

20 अगस्त को सीएम आवास का घेराव
छात्र नेताओं ने बताया कि वे अपनी मांगों को लेकर पहले विधानसभा का घेराव कर चुके हैं, लेकिन सरकार की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में मंच ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव का आह्वान किया है। JLKM जामताड़ा के जिलाध्यक्ष मनतोष कुमार महतो ने आंदोलन का पूर्ण समर्थन करते हुए कहा कि परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। सरकार को छात्रों से संवाद कर समस्या का हल निकालना चाहिए।
इस विरोध प्रदर्शन में ललन कुमार, प्रकाश कुमार, सूकदेव महतो, मनोज महतो, भरत भंडारी, कृष्णा मंडल, तपन कुमार, राहुल महतो, विकास कुमार, राजेश महतो सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं युवा शामिल थे।