द फॉलोअप, रांची
विश्वविद्यालय के स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम कार्यक्रम के अंतर्गत बेल्जियम से झारखण्ड दौरे पर आए विद्यार्थियों ने आज झारखण्ड विधान सभा का भ्रमण किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने झारखण्ड विधान सभा के अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो से शिष्टाचार भेंट की तथा अपने झारखण्ड दौरे के अनुभव साझा किए। रबीन्द्रनाथ महतो ने विद्यार्थियों को झारखण्ड विधान सभा द्वारा प्रकाशित पुस्तक "सदन संवाद" स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट की।

विद्यार्थियों ने झारखण्ड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, सामाजिक विविधता, परंपराओं एवं स्थानीय जीवनशैली को जानने-समझने के अपने अनुभवों को माननीय अध्यक्ष के साथ साझा किया। उन्होंने बताया कि झारखण्ड का सांस्कृतिक वैभव, प्राकृतिक सौंदर्य एवं यहां के लोगों का आत्मीय व्यवहार उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा। अध्यक्ष ने बेल्जियम से आए विद्यार्थियों का झारखण्ड विधान सभा में स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण न केवल विद्यार्थियों के लिए बल्कि विभिन्न देशों के बीच आपसी समझ, मैत्री संबंध और ज्ञान के विस्तार को भी नये आयाम देते हैं ।
