द फॉलोअप, रांची
JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच विधानसभा में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने सदन में बड़ा बयान दिया। उन्होंने सरकार और छात्रों के बीच हुई वार्ता की जानकारी सदन के सामने रखी। मंत्री ने कहा कि छात्रों के साथ सरकार की बातचीत सकारात्मक माहौल में हुई थी और अधिकांश मुद्दों पर चर्चा की गई। हालांकि, दो बिंदुओं पर सहमति नहीं बन पायी। उन्होंने सदन में कहा कि आंदोलन अब केवल छात्रों तक सीमित नहीं रह गया है। इसमें राजनीतिक हस्तक्षेप बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि छात्रों ने संविधान सम्मत शांतिपूर्ण प्रदर्शन की बात कही है। छात्रों पर उन्हें पूरा भरोसा है। लेकिन रांची की सड़कों पर हिंसा हुई तो यह केवल भाजपा के अराजक तत्वों और उदंडों के कारण होगी। इनके विरुद्ध सरकार कठोरता से पेश आएगी। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं और उनकी मांगों को गंभीरता से ले रही है और बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया गया था।

सुदिव्य सोनू ने दावा किया कि बातचीत के बाद छात्र अपना आंदोलन वापस लेने के लिए तैयार थे। लेकिन उनके अनुसार, इसके बाद पीछे से भाजपा के लोगों ने छात्रों को प्रभावित किया और टकराव की स्थिति पैदा करने का प्रयास किया। मंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा के उद्दंड और अराजक तत्वों ने छात्रों के निर्मल और शांतिपूर्ण आंदोलन को हाइजैक कर लिया है।
