रांची
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रेस वार्ता कर झारखंड सरकार पर छात्रों के आंदोलन को दबाने के लिए बर्बरता और अमानवीय कार्रवाई करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले 20 दिनों से राज्य सरकार जिस तरह का रवैया अपना रही है, उसकी कल्पना भाजपा ने कभी नहीं की थी। आदित्य साहू ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने ट्वीट कर महज औपचारिकता पूरी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देकर राहुल गांधी छात्रों को भड़काने का काम कर चुके हैं।
छात्रों और मीडिया पर कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना
वहीं आदित्य साहू ने कहा कि कल छात्रों और मीडिया कर्मियों के साथ जिस तरह की मारपीट हुई, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब राहुल गांधी के इशारे पर हो रहा है और उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अगर राहुल गांधी में थोड़ी भी नैतिकता बची है तो उन्हें मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग मुख्यमंत्री के पास ही है, लेकिन राहुल गांधी ने अब तक मुख्यमंत्री से इस्तीफा देने की मांग नहीं की।
राहुल गांधी के झारखंड दौरे को लेकर साधा निशाना
उन्होंने राहुल गांधी के झारखंड दौरे को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वे उत्तर प्रदेश जा सकते हैं, लेकिन झारखंड नहीं आ सकते। आदित्य साहू ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को चर्चा से डर लगता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश में पोस्टर बॉय के प्रतीक बन गए हैं और संवाद की जगह अराजकता की राजनीति करना चाहते हैं।
कल का दिन झारखंड के लिए काला दिन था
आदित्य साहू ने कहा कि कल का दिन झारखंड के लिए काला दिन था। उन्होंने मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने की बात कही गई है। उन्होंने पूछा कि आखिर उन पुलिसकर्मियों को कैसे सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने बच्चों पर लाठियां बरसाईं।
छात्रों का आंदोलन अब देश का आंदोलन बन चुका है
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि छात्रों का आंदोलन अब केवल झारखंड तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह देश का आंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि झारखंड बंद पूरी तरह सफल रहा और राज्यभर में दुकानें बंद रहीं। आम जनता ने भी बंद को भरपूर समर्थन दिया।.jpeg)
लाठी और बंदूक की ताकत से भाजपा कार्यकर्ताओं को नहीं डरा सकते
आदित्य साहू ने मुख्यमंत्री पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें बताना चाहिए कि परजीवी कौन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सहारे चलने वाले लोग भाजपा को परजीवी बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाठी और बंदूक की ताकत के बल पर भाजपा कार्यकर्ताओं को डराया नहीं जा सकता।